शनि, अप्रैल 11, 2026

Jehanabad News: तेजस्वी प्रसाद यादव के स्वागत की जोरदार तैयारी

जहानाबाद, बिहार की राजनीति में युवा नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव का जलवा लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी कड़ी में 16 सितम्बर को जहानाबाद गांधी मैदान में होने वाले बिहार अधिकार यात्रा की शुरुआत को लेकर जिला राजद कार्यकर्ताओं और नेताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। इसको लेकर शनिवार को जहानाबाद सर्किट हाउस में जिला राजद प्रवक्ता डॉ. शशि रंजन उर्फ पप्पू यादव ने प्रेस वार्ता आयोजित की।
इस संवाददाता सम्मेलन में जिला अध्यक्ष महेश ठाकुर, राजद के प्रधान महासचिव परमहंसराय, महिला नेत्री अनीता देवी और नगर अध्यक्ष बैकुंठ यादव मौजूद रहे। सभी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि तेजस्वी प्रसाद यादव के आगमन पर जहानाबाद की धरती ऐतिहासिक जनसैलाब की गवाह बनेगी।
नेताओं ने बताया कि 16 सितम्बर की सुबह 10 बजे गांधी मैदान से बिहार अधिकार यात्रा का शुभारंभ होगा। यह यात्रा जहानाबाद से निकलकर बिहार के कई जिलों से होते हुए 20 सितम्बर को वैशाली में जाकर संपन्न होगी। राजद नेताओं ने कहा कि यह यात्रा सिर्फ एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि बिहार की जनता के अधिकार और सम्मान की लड़ाई है।
नेताओं ने नीतीश कुमार और भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि जिस आवाज को कभी लालू प्रसाद यादव ने उठाया था, उसी सामाजिक न्याय की लड़ाई को आज तेजस्वी यादव आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने जनता के अधिकारों को छीनने का काम किया है। बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर है। किसानों, युवाओं, महिलाओं और व्यापारियों की स्थिति लगातार बदतर होती जा रही है।
तेजस्वी यादव की बिहार अधिकार यात्रा का मुख्य उद्देश्य लोगों को रोजगार, आर्थिक परिवर्तन, महिलाओं को सम्मान और भ्रष्टाचार के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ना है। राजद नेताओं ने दावा किया कि जहानाबाद की धरती से इस आंदोलन की शुरुआत ऐतिहासिक होगी और लाखों लोगों की उपस्थिति से यह साबित हो जाएगा कि आने वाले विधानसभा चुनाव में जनता बदलाव का मन बना चुकी है।
डॉ. शशि रंजन ने कहा कि बिहार की जनता अब तेजस्वी यादव को अपना नेता मान चुकी है। युवाओं, किसानों, मजदूरों और महिलाओं का विश्वास तेजस्वी यादव पर लगातार मजबूत हो रहा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से लोग तेजस्वी यादव को अपना आइकॉन और भविष्य का मुख्यमंत्री मानते हैं, वह इस यात्रा में साफ दिखेगा।
संवाददाता सम्मेलन में यह भी कहा गया कि तेजस्वी यादव का स्वागत जहानाबाद में ऐतिहासिक होगा। गांधी मैदान में उमड़ने वाला जनसैलाब आने वाले दिनों में बिहार की राजनीति की दिशा तय करेगा। नेताओं ने कार्यकर्ताओं और आम जनता से आह्वान किया कि वे बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर बिहार अधिकार यात्रा को सफल बनाएं। कुल मिलाकर, 16 सितम्बर को जहानाबाद की धरती पर होने वाला यह महासभा और बिहार अधिकार यात्रा का आगाज़ न केवल राजनीतिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण होगा, बल्कि यह तेजस्वी यादव को जनता के बीच और मजबूती से स्थापित करेगा।

Jehanabad News: Strong preparations for the welcome of Tejashwi Prasad Yadav

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News