एनएचआरसी ने जहानाबाद के DM-SP को भेजा नोटिस, शकुराबाद में खाना मांगने पर रसोईया द्वारा छात्रा को गर्म करछी से जलाने का मामला आया था सामने
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने बिहार के जहानाबाद के शकुराबाद स्थित आवासीय कस्तूरबा विद्यालय में रसोइये से रोटी मांगने पर गर्म करछी से एक छात्रा को जलाने के मामले में जिले के अधिकारियों को नोटिस जारी किया है। यह घटना शकूराबाद क्षेत्र के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में हुई।

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने “मीडिया में आई इस खबर पर स्वतः संज्ञान लिया है, जिसमें कहा गया है कि अपने आवासीय विद्यालय के रसोइये से खाना मांगने पर छात्रा के शरीर पर गर्म करछी लगा दी गई, जिसके कारण वह जल गई।” एनएचआरसी द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि आयोग का मानना है कि ‘यदि यह खबर सत्य है, तो इससे पीड़ित के मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन हुआ है। मानवाधिकार आयोग ने जहानाबाद जिला अधिकारी और पुलिस अधीक्षक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह में इस पूरी घटना पर विस्तृत रिपोर्ट देने के लिए कहा है।
बयान में कहा गया है कि रिपोर्ट में छात्रा की स्वास्थ्य के बारे में भी जानकारी दी जाए। पांच अगस्त को प्रकाशित खबर के अनुसार, रसोइया पर पहले भी इसी तरह की हरकत का आरोप लगा था और शिकायत मिलने के बाद उसे दूसरे विभाग में स्थानांतरित कर दिया गया था।
क्या है पूरी घटनाक्रम?
शकूराबाद प्रखंड क्षेत्र के कस्तूरबा बालिका आवासीय विद्यालय में बीते सोमवार को अचानक अफरा तफरी मच गई जब रसोइया द्वारा रोटी मांगने पर एक छात्रा को जलाने का मामला सामने आया। जख्मी छात्रा ने इसकी शिकायत उपस्थित वार्डन अमृता कुमारी एवं शिक्षिका अंशुलता से की तो तत्काल पीड़ित छात्रा को वार्डन एवं शिक्षिका इलाज के लिए रामाश्रय प्रसाद सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शकूराबाद ले गई।
इलाज के बाद छात्रा ने बताया कि कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में पदस्थापित रसोईया रिंकू देवी ने छात्रा रानी कुमारी को सिर्फ इसलिए करछी से जला दिया क्योंकि उसने रोटी की मांग की थी। सूचना पाकर छात्रा की मां विद्यालय पहुंची और रसोईया से पूछताछ करने लगी तो रसोईया रिंकू पीड़ित छात्रा के परिजन से भी उलझ गई। रसोइया विद्यालय के पास की ही रहने वाली है तो उसने अपने परिवार को बुलाया और विद्यालय के मुख्य द्वार पर हंगामा शुरू कर दिया, जिससे काफी भीड़ जुट गई। डायल 112 की टीम वहां पहुंच कर मामले को किसी तरह शांत कराया।
यह घटना इलाके में आग की तरह फैल गई। घटना की सूचना मिलते हीं शिक्षा विभाग में कार्यरत पदाधिकारी वहां पहुंचे और घटना की जानकारी ले आगे की कार्यवाही के लिये आश्वस्त किया।
पूर्व में भी ऐसी घटना की शिकायत:
वहीं वार्डन अमृता कुमारी ने बताया कि लगातार छात्राओं के साथ गलत व्यवहार के कारण पूर्व में भी उक्त रसोईया को दूसरे जगह पर पदस्थापना कर दिया गया था। 24 मई को पुन: शकूराबाद में वापस आई है। उसके बाद से इस तरह की हरकत कर रही है।
जिलाधिकारी ने जांच के दिये आदेश:
वहीं इस घटना की जानकारी मिलते हीं जिलाधिकारी ने रसोइया को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी के नेतृत्व में एक संयुक्त जांच दल विद्यालय में भेज कर पूरे घटना क्रम पर रिपोर्ट देने को कहा। साथ हीं जिला पदाधिकारी ने विद्यालय वार्डेन व सभी संबंधित कर्मियों को बच्चों से संवेदनशील व मर्यादित व्यवहार सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया है।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












