राकेश कुमार यादव के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी ने किया शक्ति प्रदर्शन, सभी सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान
जहानाबाद, आम आदमी पार्टी ने ‘बिहार में भी केजरीवाल जनसंपर्क यात्रा’ की शुरुआत करते हुए जहानाबाद शहर में भव्य जनसंपर्क यात्रा निकाली। इस यात्रा का नेतृत्व पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश कुमार यादव ने किया, जिसमें दर्जनों कार्यकर्ता एवं स्थानीय समर्थक शामिल हुए।
यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं ने लोगों से संवाद कर आम आदमी पार्टी की नीतियों और योजनाओं की जानकारी दी। राकेश यादव ने साफ तौर पर कहा कि पार्टी इस बार बिहार की सभी सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेगी और किसी भी गठबंधन का हिस्सा नहीं बनेगी। उन्होंने कहा, “हम इंडिया गठबंधन के साथ नहीं, बल्कि अपने सिद्धांतों के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे।”
दिल्ली और पंजाब के बाद अब बिहार की बारी
उन्होंने कहा कि दिल्ली और पंजाब में आम आदमी पार्टी ने अपने दम पर जीत हासिल कर सरकार बनाई और अब बिहार में भी वैसा ही बदलाव लाने की तैयारी है। “बिहार की जनता अब जाग चुकी है। हर जगह से हम चुनाव लड़ेंगे और जीतकर बिहार को एक नया विकल्प देंगे,” राकेश यादव ने कहा।
एनडीए सरकार पर सीधा हमला
जनसंपर्क यात्रा के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की नीतीश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि “विकास के नाम पर जनता को ठगने का काम किया जा रहा है। जैसे ही एनडीए को पता चला कि आम आदमी पार्टी बिहार में चुनाव लड़ेगी, उन्होंने बिजली के 125 यूनिट मुफ्त देने की घोषणा कर दी — जो दिल्ली मॉडल की नकल है।”
उद्योग, रोजगार और पलायन पर फोकस
राकेश कुमार यादव ने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर बिहार में उद्योग लगाने की पहल की जाएगी ताकि राज्य से होने वाला पलायन रोका जा सके और युवाओं को उनके गृह राज्य में ही रोजगार मिले। “बिहार में कई ऐसे स्थान हैं जहां उद्योग स्थापित किए जा सकते हैं। सरकार बनने पर हम इन क्षेत्रों का विकास कर युवाओं को सम्मानजनक रोजगार देंगे,” उन्होंने कहा।
Jehanabad News: ‘Kejriwal Jan Sampark Yatra’ started in Bihar too, rally held in Jehanabad
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












