विश्वविद्यालय प्रशासन को भेजा गया स्मारपत्र, पीड़ित शिक्षक के लिए आर्थिक सहयोग जुटाने का निर्णय
जहानाबाद, एस.एन. सिन्हा कॉलेज, जहानाबाद में महाविद्यालय शिक्षक संघ और शिक्षकेत्तर कर्मचारी संघ के संयुक्त तत्वावधान में नवादा के के.एल.एस. कॉलेज के रसायन विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. शिवचंद्र कुमार पर दो दिन पूर्व हुए जानलेवा हमले के विरोध में काली पट्टी लगाकर कार्य करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया गया।
यह हमला कॉलेज गेट के बाहर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा किया गया था, जिसके बाद डॉ. शिवचंद्र कुमार को गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन से की गई मांग
इस मामले को लेकर शिक्षक एवं कर्मचारी संघ की ओर से मगध विश्वविद्यालय के कुलपति एवं रजिस्ट्रार को संयुक्त रूप से एक स्मारपत्र भेजा गया, जिसमें दोषियों के खिलाफ त्वरित और कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही पीड़ित शिक्षक को तत्काल उचित चिकित्सीय सहायता प्रदान करने की अपील की गई है।
संघ के पदाधिकारियों ने जताई तीव्र नाराज़गी
महाविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो. डॉ. अख्तर रोमानी और सचिव डॉ. एन.पी. सिंह ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह शिक्षा जगत और शिक्षक गरिमा पर सीधा हमला है, जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने बताया कि शिक्षक संघ की ओर से एक सहयोग राशि एकत्र कर पीड़ित शिक्षक को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।
महाविद्यालय कर्मचारी संघ के अध्यक्ष डॉ. ब्रजेश कुमार और सचिव धर्मेंद्र कुमार ने भी इस घटना को “घोर निंदनीय” करार देते हुए विश्वविद्यालय कोष से विशेष सहायता राशि प्रदान करने की मांग की है।
प्राचार्य ने दिया आश्वासन
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अरुण कुमार रजक ने घटना की भर्त्सना करते हुए पीड़ित शिक्षक के प्रति गहरी संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि कॉलेज परिसर में अराजक तत्वों की पहचान कर उन पर पैनी नजर रखी जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। प्राचार्य ने कॉलेज में शांति और अनुशासन बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
Jehanabad News: S.N. Sinha College, Jehanabad: Protest was expressed by wearing black bands against the attack on the teacher
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












