
जहानाबाद मगध चेतना मंच ने जहानाबाद, नवादा और औरंगाबाद में तीन-तीन मेडिकल कॉलेज सह अस्पताल की स्वीकृति तथा मिर्ज़ापुर-अरवल में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स निर्माण हेतु 3919.70 करोड़ रुपये एवं बराबर/बाणावर में इको-टूरिज्म सह पार्क के विकास हेतु 4998.34 लाख रुपये की राशि आवंटित करने पर बिहार सरकार का आभार व्यक्त किया है।
मंच के अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इन विकास योजनाओं से अब वह दिन दूर नहीं जब जहानाबाद और अरवल ज़िले के लोग स्वयं को गौरवान्वित महसूस करेंगे। उन्होंने कहा कि एक समय था जब इस क्षेत्र के लोग नक्सली गतिविधियों के कारण अपनी पहचान छुपाते थे, लेकिन अब यह पहचान विकास और प्रगति के लिए होगी।
मेडिकल कॉलेज शहर के 5 किमी के दायरे में हो
मगध चेतना मंच ने मांग की है कि जहानाबाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल शहर की 5 किलोमीटर की सीमा में ही बनाया जाए। इससे अरवल जिले के निवासियों के अलावा गया जिले के बेला क्षेत्र, नालंदा जिले के इस्लामपुर और पटना जिले के भगवानगंज एवं नदौल क्षेत्र के निवासियों को भी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
इसके अलावा, एनएच-22 के पास होने से हाईवे पर होने वाली आकस्मिक दुर्घटनाओं में त्वरित इलाज उपलब्ध कराना आसान होगा, जिससे जान बचाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री और कैबिनेट को धन्यवाद
इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं की स्वीकृति पर मगध चेतना मंच के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनकी संपूर्ण कैबिनेट का आभार व्यक्त किया। बधाई देने वालों में डॉ. बीरेन्द्र कुमार सिंह, सूरज कुमार निर्मल, ओम रंजन शर्मा, निरा देवी सहित कई लोग शामिल रहे।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












