DW Samachar – Header
ब्रेकिंग

Jehanabad News: शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित होगा भव्य कार्यक्रम

जहानाबाद: जिले के गौरव को बढ़ाते हुए, “एक शाम शहीदों के सम्मान के नाम” शहादत दिवस कार्यक्रम का आयोजन 23 फरवरी 2025 (रविवार) को जहानाबाद के गांधी मैदान में किया जा रहा है। यह कार्यक्रम शाम 4:30 बजे से शुरू होगा, जिसमें जिलेवासियों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य देश के लिए बलिदान देने वाले बिहार के वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करना और उनके परिजनों को सम्मानित करना है। इसमें बिहार पुलिस, सीआरपीएफ, वायुसेना, नेवी, स्वतंत्रता सेनानियों सहित देश सेवा में शहीद हुए वीरों की शहादत को याद किया जाएगा।

शहीदों के परिजनों का सम्मान

इस वर्ष कार्यक्रम में बिहार के विभिन्न जिलों से 11 शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही, उनकी वीरता और बलिदान को दर्शाने वाली वीडियो स्टोरीज प्रदर्शित की जाएंगी, जिससे लोगों को उन कठिन परिस्थितियों की झलक मिलेगी, जिनका सामना उन्होंने किया था।

रंगारंग प्रस्तुतियां और विशेष अतिथि

कार्यक्रम में जहानाबाद के विभिन्न स्कूलों के बच्चे अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को जीवंत बनाएंगे। इसके अलावा, जिले के पुलिस अधिकारियों और गणमान्य व्यक्तियों की भी विशेष उपस्थिति रहेगी।

इस विशेष आयोजन में सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करें और इस कार्यक्रम को सफल बनाएं।

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News