
Republic Day Brings Traffic Overhaul in Patna: Women Officers to Lead Traffic Management
बिहार की राजधानी पटना में इसी महीने 26 जनवरी से यातायात में वाहन चालकों को बदला-बदला सा दिखाई देगा। पटना के सभी चौराहों पर पुरुष के स्थान पर महिला पुलिसकर्मी ट्रैफिक को नियंत्रित करते हुए दिखाई देने वाली हैं। महिला पलिसकर्मियों को पटना में ट्रैफिक की जिम्मेदारी देना सही मायने में महिलाओं को इस फील्ड में आगे लाने का भी उद्देश्य है। गणतंत्र दिवस पर वाहन सवारों को पटना की यातायात व्यवस्था में एक बड़ा बदलाव होगा। ट्रैफिक एसपी अपराजिता लोहन ने बताया कि पटना यातायात पुलिस ने शहरी क्षेत्र के 54 मुख्य यातायात चेकपोस्टों पर 100% महिला पुलिस बल तैनात करने का फैसला किया है। इसमें 60 से अधिक महिला पुलिस अधिकारी, 250 महिला कांस्टेबल और होमगार्ड शामिल होंगे। यातायात संचालन की पहली पाली पूरी तरह महिला पुलिस बल के जिम्मे होगी। पटना ट्रैफिक पुलिस के एडीजी सुधांशु कुमार ने स्पष्ट किया है कि मैनुअल चालान प्रक्रिया नवंबर 2023 से ही बंद कर दी गई है। अब चालान केवल हैंडहेल्ड डिवाइस के माध्यम से ही किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि कई बार अधिकारी मोबाइल से फोटो खींचकर चालान करते थे, लेकिन अब इसे पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। यदि किसी चालान में फोटो पर अक्षांश, देशांतर, तारीख और समय की स्टांपिंग नहीं होती, तो संबंधित व्यक्ति एसपी के पास शिकायत दर्ज करा सकता है। वहीं, पटना में ट्रैफिक चेकपोस्ट का रंग-रूप भी बदल दिया गया है। पहले लाल और नीले रंग में दिखने वाले चेकपोस्ट अब सफेद और नीले रंग में नजर आएंगे। ट्रैफिक एसपी अपराजिता लोहान ने बताया कि यह बदलाव यातायात पुलिस को आधुनिक और अलग पहचान देने के लिए किया गया है। पटना में यातायात व्यवस्था को महिला पुलिस बल को सौंपना न केवल एक प्रशासनिक निर्णय है, बल्कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम है। इस पहल से महिलाओं को पुलिस बल में नेतृत्व का अवसर मिलेगा और यह समाज में लैंगिक समानता को बढ़ावा देगा। गणतंत्र दिवस के अवसर पर पहली बार महिला ट्रैफिक पुलिसकर्मी परेड में भाग लेंगी। यह कदम न केवल महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देगा, बल्कि पटना में यातायात प्रबंधन को अधिक प्रभावी और अनुशासित बनाएगा। पटना ट्रैफिक पुलिस इस नई व्यवस्था के साथ शहरवासियों को बेहतर और पारदर्शी यातायात सेवाएं प्रदान करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है।
यह भी पढ़े: अमेरिकी पूर्व राष्ट्रपति जिमी कार्टर का निधन, शांति और लोकतंत्र के लिए मिला था नोबेल शांति पुरस्कार…
यह भी पढ़े: कल से बिहार में कई ट्रेनों का समय बदल जाएगा, देखिए कौन-कौन रेलगाड़ियों के टाइम में किया गया बदलाव
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












