
जहानाबाद नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत बाजार समिति प्रांगण में मंगलवार को सीएमआर (सेंट्रलाइज्ड मिल्ड राइस) संग्रहण केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया गया। जिला पदाधिकारी अलंकृता पांडे के निर्देशानुसार इस केंद्र का उद्घाटन अपर समाहर्ता श्री विनय कुमार सिंह, एसएफसी जिला प्रबंधक राजेंद्र कुमार और जिला सहकारिता पदाधिकारी नेस गोल्ड द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।उद्घाटन के अवसर पर रतनी और अमथुआ पैक्स से सीएमआर की पहली खेप जमा की गई। इस केंद्र के माध्यम से व्यापार मंडल और पैक्सों के जरिए खरीदी गई धान का चावल अब सीधे संग्रहित किया जा सकेगा। इस अवसर पर अपर समाहर्ता श्री विनय कुमार सिंह ने कहा कि सीएमआर केंद्र के संचालन से चावल जमा करने और पैक्स की राशि के रोटेशन में आसानी होगी। यह व्यवस्था धान की खरीदारी को निर्बाध रूप से जारी रखने में सहायक होगी। उन्होंने इसे किसानों और व्यापारियों के लिए एक महत्वपूर्ण कदम बताया, जिससे धान खरीदारी प्रक्रिया में पारदर्शिता और सुविधा बढ़ेगी। कार्यक्रम में सहायक प्रबंधक राजीव रंजन, गुणवत्ता नियंत्रक राज रोहित, पैक्स अध्यक्ष सूर्यदेव प्रसाद, संजीव कुमार, मिलर पंकज कुमार समेत कई अन्य अतिथि उपस्थित रहे। सीएमआर संग्रहण केंद्र के उद्घाटन से जिले में धान खरीद प्रक्रिया और चावल संग्रहण की व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। यह केंद्र किसानों और पैक्स के लिए एक नई सुविधा लेकर आया है, जिससे कृषि क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव की उम्मीद की जा रही है।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












