
जहानाबाद: स्थानीय सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव ने घोषणा की है कि नए साल में जहानाबाद और अरवल जिलों में कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को जमीन पर उतारने के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने विशेष रूप से खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि जिले के खेल परिसरों के सुदृढ़ीकरण के लिए प्रयास शुरू हो चुके हैं।
सांसद ने बताया कि एरोड्रम स्थित मैदान को एक उच्च स्तरीय खेल परिसर के रूप में विकसित करने की बड़ी संभावनाएं हैं। इसके अलावा, स्थानीय गांधी मैदान की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि इसकी चहारदीवारी की हालत काफी खराब है। गांधी मैदान में नई और मजबूत चहारदीवारी के निर्माण के लिए वे आवश्यक कदम उठाएंगे।
महलचक मोड़ के समीप स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और इंडोर स्टेडियम के बाहरी परिसर को आकर्षक बनाने की योजना के तहत स्विमिंग पूल और अन्य खेल सुविधाओं का विकास कराया जाएगा। खेल परिसरों के समुचित विकास के लिए सांसद ने खेल मंत्री को पत्र लिखकर इन्हें प्राथमिकता सूची में शामिल करने की मांग की है।
इसके साथ ही सांसद ने बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और सिंचाई परियोजनाएं उनकी प्राथमिकता सूची में शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों के विकास के लिए वे सरकार के संबंधित मंत्रियों से मिलकर योजनाओं को जल्द से जल्द धरातल पर लाने की पहल करेंगे।
सांसद यादव ने कहा कि उनका मुख्य एजेंडा “विकास” है और चुनावों के दौरान किए गए वादों को पूरा करने के लिए वे अपनी पूरी ताकत झोंक देंगे। उन्होंने समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए योजनाओं को साकार करने पर जोर दिया।
सांसद ने आगे कहा कि सरकारी कार्यालयों के कामकाज को जनहित और जिम्मेदार बनाने के लिए वे जिले के आलाधिकारियों से बात करेंगे ताकि एक बेहतर कार्य संस्कृति का निर्माण हो सके। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में जिले में विकास की एक नई तस्वीर देखने को मिलेगी।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












