
बिहार के कलाकारों ने लोकसंस्कृति आधारित नृत्य प्रस्तुत कर मचाई धूम
पटना। यूथ हॉस्टल्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (YHAI) के प्लैटिनम जुबली (अमृत महोत्सव) के अवसर पर दिल्ली स्थित इंटरनेशनल हॉस्टल में एक अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों के कलाकारों ने भाग लिया और अपने-अपने क्षेत्र की समृद्ध लोकसंस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम में बिहार राज्य शाखा की पाटलिपुत्र यूनिट के कलाकारों ने लोकसंस्कृति पर आधारित नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। इस प्रस्तुति का निर्देशन और संयोजन पाटलिपुत्र यूनिट की सचिव डॉ. नम्रता आनंद ने किया, जबकि कोरियोग्राफी शिवम शुक्ला ने की। कलाकारों ने बिहार की सांस्कृतिक धरोहर को अपनी परफॉर्मेंस के माध्यम से शानदार तरीके से प्रदर्शित किया।
इस अवसर पर शिवम शुक्ला ने कथक नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि सूरज कुमार और नियति सौम्या ने राधा-कृष्ण के रासलीला की मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। अन्य कलाकारों में मंगल, दीपु कुमार, नियति सौम्या, रेखा कुमारी, जान्हवी कुमारी, जैस मीन कुमारी, सूरज कुमार और राजू कुमार शामिल थे।

कार्यक्रम में YHAI के नेशनल काउंसिल के सदस्य ए.के. बोस, मोहन कुमार, सुधीर मधुकर, प्रियेश रंजन, और डॉ. नम्रता आनंद सहित बिहार राज्य शाखा और पाटलिपुत्र यूनिट के सभी पदाधिकारियों ने कलाकारों की सराहना की और उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इसके अतिरिक्त, मध्य प्रदेश, हरियाणा, गुजरात, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल और दिल्ली सहित अन्य राज्यों के कलाकारों ने भी अपनी क्षेत्रीय लोकसंस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को और रंगीन बना दिया।
इस अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक कार्यक्रम ने भारत की विविध और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को एक मंच पर लाने का काम किया।
अपने क्षेत्र की खबर या सूचना देने के लिए संपर्क करें: 9999307266
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












