
महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव की सियासी सरगर्मियों के बीच पीएम नरेंद्र मोदी तीन देशों की पांच दिवसीय यात्रा के लिए रवाना हो गए हैं। इस दौरान 16 नवंबर से 21 नवंबर तक पीएम मोदी तीन देशों की यात्रा पर रहेंगे। पीएम मोदी इस दौरान ब्राजील, गुयाना और नाइजीरिया जाएंगे। पीएम मोदी जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए ब्राजील जाएंगे। विदेश मंत्रालय ने भी इस बात को लेकर जानकारी दी थी। वहीं ब्राजील में जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान पीएम मोदी के कई वैश्विक नेताओं से मुलाकात भी कर सकते हैं। नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टीनूबू के निमंत्रण पर पीएम मोदी 16-17 नवंबर को नाइजीरिया की यात्रा पर रहेंगे। विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, यह 17 वर्षों में भारत के प्रधानमंत्री की नाइजीरिया की पहली यात्रा होगी। बयान में कहा गया है, ‘‘यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री भारत और नाइजीरिया के बीच रणनीतिक साझेदारी की समीक्षा करेंगे तथा द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा करेंगे।’ तेल और गैस के विशाल भंडार की वजह से नाइजीरिया, अफ्रीका के अहम देशों में से एक है। यह देश भारत की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करता है। अफ्रीका में भारतीय निवेश खासकर ऊर्जा, खनन, फार्मास्यूटिकल्स और सूचना प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में लगातार बढ़ रहा है। नाइजीरिया इस्लामिक देशों के संगठन और तेल उत्पादक देशों के संगठन ओपेक का अहम सदस्य है। ये दोनों संगठन भारत की कूटनीति और आर्थिक नीति के लिए अहम हैं। विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि पीएम मोदी ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला दा सिल्वा द्वारा आयोजित जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए 18-19 नवंबर को रियो डी जेनेरियो का दौरा करेंगे। बयान में कहा गया कि भारत ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका के साथ जी-20 ‘‘ट्रोइका’’ का हिस्सा है और जी-20 शिखर सम्मेलन की चर्चाओं में सक्रिय रूप से योगदान दे रहा है। वहीं आखिरी में पीएम मोदी गुयाना के दौरे पर जाएंगे। गुयाना के राष्ट्रपति मोहम्मद इरफान अली के निमंत्रण पर पीएम मोदी 19-21 नवंबर तक गुयाना की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है, गुयाना की यह यात्रा 1968 के बाद भारत के प्रधानमंत्री की पहली यात्रा होगी।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












