DW Samachar – Header
ब्रेकिंग

जहानाबाद में जिला पदाधिकारी के जनता दरबार में 36 आवेदन प्राप्त, त्वरित निष्पादन का आदेश

36 applications received in Janata Darbar of District Officer in Jehanabad, order for quick execution

जहानाबाद जिला समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी सह उप विकास आयुक्त धनंजय कुमार के निर्देशानुसार जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दरबार में जिले के आमजनों द्वारा कुल 36 परिवाद प्रस्तुत किए गए। इन आवेदनों में मुख्यतः भू-अर्जन, भूमि विवाद, मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना, नल-जल योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना, अधिग्रहित जमीन के मुआवजे और अन्य योजनाओं से संबंधित शिकायतें शामिल थीं।

जिला पदाधिकारी ने सभी परिवादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मामलों का त्वरित और संतोषजनक निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में प्राप्त होने वाली शिकायतों का समयबद्ध समाधान करें, ताकि परिवादी को त्वरित लाभ मिल सके और उनकी समस्याओं का समाधान हो।

जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों और अधिकारियों को कार्रवाई हेतु प्रेषित किया गया। कुछ मामलों में अधिकारियों को दूरभाष पर सूचित कर त्वरित कार्रवाई के आदेश दिए गए। जो मामले लोक शिकायत निवारण अधिनियम के तहत आते थे, उन्हें सुनवाई के लिए पंजीकृत किया गया। वहीं, अधिनियम से बाहर के मामलों में संबंधित विभागों को शीघ्र समाधान और प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया।

जनता दरबार के दौरान अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राकेश कुमार, भूमि सुधार उप समाहर्ता, सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा, विद्युत संचरण के कार्यपालक अभियंता, शिक्षा विभाग के पदाधिकारी और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News