जहानाबाद। जिले में वाहन चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला शहर के बलराम कॉलोनी रोड नंबर-2 का है, जहां बीती रात अज्ञात चोरों ने घर के बाहर खड़ी एक स्कॉर्पियो चोरी कर ली। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो मालिक अमित कुमार ने बताया कि उनकी गाड़ी (पंजीकरण संख्या BR-01/6243) मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात घर के बाहर खड़ी थी। देर रात करीब तीन बजे अज्ञात चोर वाहन लेकर फरार हो गए। बुधवार सुबह जब परिवार के सदस्य जागे तो घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो गायब थी। इसके बाद आसपास काफी खोजबीन की गई, लेकिन वाहन का कोई सुराग नहीं मिल सका।

घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें स्पष्ट रूप से देखा गया कि अज्ञात चोर स्कॉर्पियो लेकर मौके से फरार हो रहे हैं। फुटेज के आधार पर वाहन चोरी की पुष्टि होने के बाद वाहन मालिक की पत्नी आरती कुमारी ने नगर थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया और वाहन की शीघ्र बरामदगी की मांग की।मामले की जानकारी मिलते ही नगर थाना पुलिस सक्रिय हो गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस की टीम संभावित ठिकानों पर नजर बनाए हुए है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।शहर में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से लोगों में चिंता का माहौल है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, संवेदनशील इलाकों में निगरानी सुदृढ़ करने तथा वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है।
Jehanabad News: Scorpio stolen from outside house; incident captured on CCTV; police investigating.



















