शनि, अप्रैल 4, 2026

Jehanabad News: नीट छात्रा मौत मामला: परिजनों को मिली जान से मारने की धमकी, परिजनों ने घर पर खुद लगाए CCTV कैमरे

जहानाबाद:  पटना में चर्चित नीट छात्रा की संदिग्ध मौत मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) द्वारा की जा रही है। इसी बीच छात्रा के परिजनों को लगातार धमकी भरी पर्चियां मिलने से परिवार दहशत में है। परिजनों के अनुसार 14 फरवरी को दिन में पहली बार घर के परिसर में एक धमकी भरी पर्ची फेंकी गई थी। इसके बाद 17 फरवरी को दोबारा अज्ञात लोगों ने एक और पर्ची घर पर फेंकी। पर्ची में मामले को आगे नहीं बढ़ाने की चेतावनी देते हुए लिखा था— “ना मानोगे बेटी गई, बेटा भी मर जाएगा।”
लगातार मिल रही धमकियों से परिवार के सदस्य भयभीत हैं। उन्होंने स्थानीय प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है और दोषियों की जल्द पहचान कर सख्त कार्रवाई की अपील की है। सुरक्षा के मद्देनजर परिजनों ने अपने खर्च पर घर के मुख्य द्वार, आंगन और आसपास के हिस्सों में सीसीटीवी कैमरे लगवाए हैं। परिजनों का कहना है कि कैमरे प्रशासन द्वारा नहीं, बल्कि उन्होंने स्वयं अपनी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लगाए हैं। मीडिया से बातचीत के दौरान भी उन्होंने स्पष्ट किया कि कैमरे उनके निजी खर्च पर लगाए गए हैं और प्रशासन की ओर से अतिरिक्त कैमरों की व्यवस्था नहीं की गई है। परिजनों के मुताबिक, पहले से रात में ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मी ही मौजूद हैं, लेकिन कोई अतिरिक्त सुरक्षा बल या निगरानी उपकरण प्रशासन की ओर से नहीं लगाए गए हैं। स्थानीय पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच जारी है और परिवार की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। गौरतलब है कि नीट छात्रा की संदिग्ध मौत का मामला पहले से ही चर्चा में है। अब धमकी भरी पर्चियों की घटना ने इस प्रकरण को और अधिक संवेदनशील बना दिया है। मामले में जांच एजेंसियों की अगली कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।

Jehanabad News: Neet student death case: Relatives threatened with death, relatives install CCTV cameras at house themselves

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News