बुध, अप्रैल 15, 2026

Jehanabad News: लोजपा महिला प्रकोष्ठ ने धूमधाम से मनाया सावन महोत्सव, महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति किया गया जागरूक

जहानाबाद लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के महिला प्रकोष्ठ द्वारा सावन महोत्सव का भव्य आयोजन यहां किया गया। कार्यक्रम की अगुवाई पार्टी की राष्ट्रीय महिला प्रकोष्ठ की उपाध्यक्ष इंदु कश्यप ने की। उन्होंने कहा कि सावन का महीना नारी जीवन में विशेष महत्व रखता है, इसलिए महिलाओं के सम्मान और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया है।

महोत्सव के दौरान पारंपरिक खोइंचा भरने की रस्म पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ निभाई गई। बड़ी संख्या में उपस्थित महिलाओं ने कजरी गीतों पर नृत्य कर सावन के उल्लास में चार चांद लगा दिए। पूरे कार्यक्रम में महिलाओं की भागीदारी और उत्साह देखते ही बन रहा था।

इस अवसर पर इंदु कश्यप ने कहा, “महिलाएं परिवार और समाज की रीढ़ होती हैं, लेकिन जानकारी के अभाव में वे अपने मौलिक अधिकारों से वंचित रह जाती हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से हम उन्हें जागरूक करने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि वे अपने अधिकारों को जानें और आत्मनिर्भर बनें।”

उन्होंने यह भी कहा कि भारत महिला सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है, लेकिन अभी भी समाज में कई जगह महिलाओं को उनका उचित सम्मान और अवसर नहीं मिल पाता। लोजपा महिला प्रकोष्ठ ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज को जागरूक करने का कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के अंत में सभी महिलाओं को सिंदूर, चूड़ियां, बिंदी और सुहाग की अन्य सामग्रियां भेंट कर उन्हें सदा सुहागन रहने का आशीर्वाद दिया गया। इस दौरान महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।

इस आयोजन ने जहां एक ओर सावन की सांस्कृतिक छटा बिखेरी, वहीं दूसरी ओर महिला सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता का मजबूत संदेश भी दिया।

Jehanabad News: LJP women cell celebrated Sawan festival with great pomp, women were made aware of their rights

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News