DW Samachar – Header
BREAKING

Jehanabad News: डीएवी पब्लिक स्कूल जहानाबाद में स्थायी लोक अदालत पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

Jehanabad News: डीएवी पब्लिक स्कूल जहानाबाद में स्थायी लोक अदालत पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

जहानाबाद बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना तथा ब्रजेश कुमार, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जहानाबाद के निर्देशानुसार डीएवी पब्लिक विद्यालय, जहानाबाद में स्थायी लोक अदालत (लोक उपयोगिता सेवाएं) विषय पर एक विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान प्रभारी अध्यक्ष अनिता कुमारी एवं मंजू कुमारी ने विद्यालय के वरीयतम शाखा के छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि जहानाबाद व्यवहार न्यायालय परिसर में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अंतर्गत स्थायी लोक अदालत (लोक उपयोगिता सेवाएं) का संचालन किया जा रहा है।

Digital Women Trust

उन्होंने बताया कि इस लोक अदालत में परिवहन, डाक, टेलीग्राफ, टेलीफोन, बिजली, पानी, नगर परिषद सेवाएं, अस्पताल, बीमा, शिक्षा, आवास, बैंकिंग एवं नॉन बैंकिंग संस्थानों से संबंधित प्रि-लिटिगेशन (पूर्व वाद) के मामलों की निःशुल्क सुनवाई की जाती है। इसके माध्यम से आमजन को न्याय प्राप्त करने के लिए जगह-जगह भटकना नहीं पड़ता। कोई भी पक्षकार, जिसका विवाद इन विषयों से संबंधित है, वह न्यायालय में जाने से पहले स्थायी लोक अदालत में आवेदन देकर निःशुल्क न्याय प्राप्त कर सकता है।

वक्ताओं ने बताया कि इस व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य विवादों का आपसी सुलह एवं समझौते के माध्यम से त्वरित निपटारा करना है। यदि सुलह नहीं हो पाता, तो स्थायी लोक अदालत मामले की गुण-दोष के आधार पर निर्णय (अवार्ड) देती है, जो अंतिम होता है और इसके खिलाफ किसी भी न्यायालय में अपील नहीं की जा सकती। अदालत की वित्तीय अधिकार सीमा एक करोड़ रुपये तक है, और यहां विवादों का निपटारा तेजी से, अनौपचारिक और निशुल्क किया जाता है।

उन्होंने यह भी बताया कि स्थायी लोक अदालत में आवेदन करने के बाद उसी विवाद पर किसी अन्य न्यायालय में मामला दायर करने की अनुमति नहीं होती। यह मंच आम जनता को शीघ्र, सस्ता एवं सुलभ न्याय प्रदान करता है। इस व्यवस्था का लाभ जहानाबाद एवं अरवल जिले के निवासी उठा सकते हैं। अब तक दर्जनों टेलीफोन, बिजली आदि से जुड़े प्रि-लिटिगेशन मामलों का निपटारा कर आम लोगों को राहत दी जा चुकी है।

कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को इस विधिक व्यवस्था के बारे में जागरूक करना था, ताकि वे आगे चलकर अपने परिवार एवं समाज में इस जानकारी का प्रसार कर सकें।

विद्यालय के प्राचार्य कृष्णकांत पांडे ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में विधिक चेतना और जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने कहा कि छात्र और शिक्षक दोनों इस जानकारी को आम जनों तक पहुंचाकर समाज में न्याय के प्रति विश्वास को मजबूत बना सकते हैं।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिका गण, छात्र-छात्राएं एवं प्राधिकार के कर्मी शशि भूषण कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Jehanabad News: Legal awareness program on Permanent Lok Adalat organized at DAV Public School, Jehanabad

AK
Author: AK

! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !

Relates News

Advertisement

⚡ लाइव अपडेट
खबरें लोड हो रही हैं…

लेटेस्ट न्यूज़