जहानाबाद जिले में नीट छात्रा की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों को लगातार धमकी भरे पर्चे मिलने से सनसनी फैल गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम पीड़िता के पैतृक गांव पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर कई महत्वपूर्ण नमूने एकत्र किए। जानकारी के अनुसार मामला रतनी क्षेत्र के पीड़िता के पैतृक गांव का है। एफएसएल टीम ने उस स्थान की विशेष रूप से जांच की, जहां से धमकी भरा पर्चा बरामद हुआ था। टीम ने घर के किचन और खिड़की के आसपास से कई सैंपल इकट्ठा कर जांच के लिए अपने साथ ले गई है। बताया जा रहा है कि गत शुक्रवार की रात अपराधियों द्वारा घर के किचन की खिड़की पर एक पर्चा रखा मिला था, जिसमें परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस घटना के बाद शकूराबाद थाना पुलिस हरकत में आई और पर्चे को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की गई। इसी बीच मंगलवार को उसी स्थान पर एक और धमकी भरा पर्चा मिला, जिसमें लिखा था कि जिस तरह बेटी की मौत हुई है, उसी तरह दो दिनों में बेटे की भी हत्या कर दी जाएगी। लगातार मिल रही धमकियों के कारण परिजनों में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है। परिवार के लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
हालांकि पीड़ित परिवार के घर पर पुलिस का पहरा लगाया गया है, लेकिन इसके बावजूद अपराधियों द्वारा पर्चा फेंकने की घटना ने पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग भी इस घटना से चिंतित हैं और जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मामले को लेकर थाना अध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि एफएसएल टीम गांव पहुंचकर घटनास्थल की गहन जांच कर चुकी है और कई नमूने एकत्र कर लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
Jehanabad News: FSL team investigates after receiving threatening note, family panicked
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












