विद्यालयों को दिए सख्त दिशा-निर्देशकाको प्रखंड के बीबीपुर एवं जहानाबाद के विद्यालयों में पठन-पाठन, मध्यान भोजन और स्वच्छता की हुई जांच
जहानाबाद, जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO), के द्वारा आज काको प्रखंड स्थित उत्क्रमित उर्दू मध्य विद्यालय, बीबीपुर एवं उर्दू कन्या मध्य विद्यालय, जहानाबाद का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में पठन-पाठन की स्थिति, छात्रों को दिया जाने वाला होमवर्क, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, विद्यालय परिसर की स्वच्छता एवं बच्चों की उपस्थिति का गहन मूल्यांकन किया गया।
निरीक्षण के क्रम में DEO महोदया ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकों को कई महत्त्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मध्यान्ह भोजन बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए गुणवत्तापूर्ण और साफ-सुथरे ढंग से तैयार किया जाना चाहिए। भोजन बनाने वाले स्थान यानी रसोईघर की साफ-सफाई नियमित रूप से सुनिश्चित की जाए। साथ ही यह भी कहा गया कि बच्चों को भोजन से पहले साबुन से हाथ धोने की आदत अवश्य डाली जाए।
उन्होंने शिक्षकों को निर्देशित किया कि बच्चों को प्रत्येक दिन होमवर्क दिया जाए और उसकी नियमित जांच भी हो। कमजोर छात्रों को विशेष रूप से कक्षा में पढ़ाई-लिखाई में मदद दी जाए ताकि वे भी अन्य छात्रों के साथ समरसता से आगे बढ़ सकें।
विद्यालय परिसर, शौचालय तथा रसोईघर की सफाई पर भी विशेष जोर दिया गया। DEO महोदया ने कहा कि शौचालयों की सफाई नियमित रूप से होनी चाहिए ताकि बच्चों को स्वच्छ वातावरण मिल सके। साथ ही विद्यालयों में CL पंजी, पाठ्यटीका का सही संधारण, एवं बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
इसके अतिरिक्त, विद्यालय शिक्षा समिति (VSS) की बैठकें एवं शिक्षक-अभिभावक बैठकों को नियमित रूप से आयोजित करने का भी निर्देश दिया गया, ताकि अभिभावकों की भागीदारी से शिक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा सके।
इस औचक निरीक्षण से शिक्षा विभाग की सक्रियता और विद्यालयों की गुणवत्ता को लेकर उनकी गंभीरता का स्पष्ट संकेत मिलता है। मौके पर उपस्थित शिक्षकों ने भी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
Jehanabad News: District Education Officer did a surprise inspection,
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












