जहानाबाद। चिकित्सकों को धरती पर भगवान का स्वरूप माना जाता है, क्योंकि वे केवल बीमारियों का उपचार ही नहीं करते, बल्कि मरीजों के जीवन में नई उम्मीद और आत्मविश्वास का संचार भी करते हैं। हम सभी के जीवन में कोई न कोई ऐसा चिकित्सक अवश्य होता है, जिसने कठिन परिस्थितियों में हमारा सहारा बनकर हमें नया जीवन दिया हो। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर हृदय, मस्तिष्क एवं श्वसन रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश रौशन ने अपने क्लिनिक में 164वें निःशुल्क बुधवार ओपीडी का आयोजन करते हुए कहा कि “अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य लाभ देना हमारा कर्तव्य है। डॉक्टर के रूप में समाज की सेवा करना मेरे लिए गर्व और संतोष की अनुभूति है।” उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय स्थित हॉस्पिटल मोड़, लाल मंदिर के समीप अवस्थित उनके क्लिनिक में प्रत्येक बुधवार को मरीजों को निःशुल्क ओपीडी परामर्श की सुविधा प्रदान की जाती है।

क्लिनिक की स्थापना के बाद से लगातार यह सेवा जारी है और आज इसका 164वां बुधवार पूरा हुआ है। डॉ. रौशन ने बताया कि उनके क्लिनिक में अत्याधुनिक तकनीक से विभिन्न जांच सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिनमें कंप्यूटर आधारित ब्रेन जांच, फेफड़ों की जांच, नसों की जांच तथा ईसीजी के माध्यम से हृदय की जांच शामिल है। इन सुविधाओं के उपलब्ध होने से जिले के मरीजों को बेहतर इलाज और जांच के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती, बल्कि उन्हें स्थानीय स्तर पर ही त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं प्राप्त हो रही हैं। डॉ. राकेश रौशन ने राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर सभी चिकित्सक साथियों एवं मरीजों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि चिकित्सा सेवा केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है।
Jehanabad News: 164th free Wednesday OPD organized on Doctors’ Day; patients benefiting from modern diagnostic services and consultations.



















