
महाराष्ट्र में कब सरकार का गठन होगा अभी कोई तिथि निश्चित नहीं है। राज्य में अभी भी मुख्यमंत्री पद को लेकर बैठकों का दौर जारी है। वहीं दूसरी ओर झारखंड में आज ने सरकार का गठन होने जा रहा है। झारखंड को आज उनका 14वां मुख्यमंत्री मिलने जा रहा है। हेमंत सोरेन चौथी बार सीएम बनने जा रहे हैं, उनके कार्यक्रम में कई दिग्गज, कई बड़े चेहरे भी शामिल होंगे। रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह होगा। इसमें इंडिया गठबंधन अपनी ताकत दिखाएगा। 10 पार्टियों के 18 बड़े नेता शामिल होंगे। सभी नेता आज सीधे कार्यक्रम में पहुंचेंगे।
गुरुवार शाम 4 बजे राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार हेमंत सोरेन को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार के शपथ ग्रहण के मद्देनजर आज रांची शहर के स्कूल बंद रहेंगे। इस आयोजन से शहर में ट्रैफिक जाम जैसी स्थिति पैदा हो सकती है और छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। रांची में वीआईपी मूवमेंट के लिए अलग से प्लान तैयार किया गया है। उनकी सुरक्षा को लेकर विशेष व्यवस्था की जा रही है। समारोह में आने वाले मेहमानों के अलावा अन्य लोगों की सुविधाओं का भी ध्यान रखा जा रहा है।
हेमंत सोरेन पत्नी कल्पना सोरेन के साथ सोमवार रात दिल्ली गए थे। मंगलवार को उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात की थी। बताया जा रहा है कि सोरेन कांग्रेस कोटे के मंत्रियों और विभाग पर बात करने गए हैं। इसके बाद खबर आई कि हेमंत सोरेन अकेले सीएम पद की शपथ लेंगे। ऐसे में राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चा शुरू हो गई है। वहीं दिल्ली में हेमंत सोरेन ने पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की। उनके साथ उनकी पत्नी कल्पना सोरेन भी थीं। शपथ ग्रहण समारोह में इंडी गठबंधन के प्रमुख नेताओं के शामिल होने के आसार हैं।
इसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के प्रमुख शरद पवार, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, शिवसेना नेता उद्धव ठाकरे, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, आरजेडी और बिहार में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव मेघालय सीएम कोनराड संगमा, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, जैसे अन्य नेताओं के शामिल होने की संभावना है। बता दें कि हेमंत सोरेन की झामुमो नीत गठबंधन ने झारखंड में शानदार जीत हासिल करते हुए लगातार दूसरी बार सत्ता हासिल की। ‘इंडिया’ गठबंधन ने 81 सदस्यीय विधानसभा में 56 सीट जीती हैं। हालांकि, भाजपा नीत राजग को महज 24 सीट मिलीं। राज्य विधानसभा में बहुमत के लिए 41 सीट की जरूरत है।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












