राज्य स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर बढ़ाया जिले का मान, जम्मू-कश्मीर में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार का करेंगे प्रतिनिधित्व
जहानाबाद। बिहार राज्य स्तरीय विद्यालय तलवारबाजी खेल प्रतियोगिता में मगध प्रमंडल के जहानाबाद जिले के खिलाड़ी कुणाल सिंह आर्या ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया है। अंडर-19 बालक फॉयल स्पर्धा में पदक जीतकर उन्होंने न केवल जिले का मान बढ़ाया, बल्कि राष्ट्रीय स्तर की विद्यालय तलवारबाजी प्रतियोगिता के लिए भी अपना स्थान सुनिश्चित कर लिया है। अब कुणाल राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार की ओर से प्रतिनिधित्व करेंगे।
राष्ट्रीय स्तर की अंडर-19 विद्यालय तलवारबाजी प्रतियोगिता नवंबर माह के अंतिम सप्ताह में जम्मू-कश्मीर में आयोजित होने वाली है। इस प्रतियोगिता में कुणाल से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई जा रही है। उनकी इस उपलब्धि पर जहानाबाद तलवारबाजी संघ के अध्यक्ष नीरज कुमार और सचिव अन्नू शक्ति सिंह ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए उन्हें बधाई दी है। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि कुणाल की सफलता जिले के अन्य खिलाड़ियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए जहानाबाद के खेल विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विभाग के सहयोग और खिलाड़ियों को मिल रहे प्रोत्साहन से जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।
वहीं, जहानाबाद की बालिका तलवारबाजी टीम भी राज्य स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए 1 नवंबर को मधुबनी स्थित खेल भवन पहुंची। मगध प्रमंडल से चयनित टीम में आस्था कुमारी कश्यप, माही कुमारी (ब्रिलियंट स्कूल, मखदुमपुर), रागिनी कुमारी (धोरा मिडिल स्कूल), आस्था कुमारी और पुष्पांजलि कुमारी (बाल विद्या निकेतन, जहानाबाद) शामिल हैं। सभी खिलाड़ी राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी और जिले के लिए बेहतर परिणाम हासिल करने का प्रयास करेंगी।
बालिका टीम के साथ कोच की जिम्मेदारी जहानाबाद तलवारबाजी संघ के सचिव अन्नू शक्ति सिंह निभा रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए बेहतर प्रदर्शन करने की उम्मीद जताई है।
कुणाल की सफलता और बालिका टीम की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भागीदारी से जिले के खेल जगत में उत्साह का माहौल है। तलवारबाजी में जहानाबाद के खिलाड़ियों की लगातार बढ़ती भागीदारी से उम्मीद है कि आने वाले दिनों में जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान मजबूत करेंगे।
Jehanabad News: Kunal Singh Arya from Jehanabad wins bronze medal in fencing; selected for national competition



















