बच्चों को उनके अधिकारों, साइबर सुरक्षा, बाल विवाह और शोषण से बचाव के प्रति किया गया जागरूक
जहानाबाद। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जहानाबाद की ओर से संचालित सुरक्षित बचपन अभियान के तहत गुरुवार को पी.पी.एम. स्कूल, वेंकटेश्वर नगर, अरवल रोड में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों, व्यक्तिगत सुरक्षा और बाल संरक्षण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां देना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री सुनील कुमार सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के चेयरमैन डॉ. एस.के. सुनील ने की। वहीं, विद्यालय की डायरेक्टर डॉ. इंदु कश्यप के निर्देशन में मंच संचालन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री सुदर्शन शर्मा, उप प्राचार्य श्री नंद किशोर शर्मा सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि श्री सुनील कुमार सिंह एवं पीएलवी श्री कौशलेंद्र कुमार ने बच्चों को छह प्रमुख विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। इनमें बच्चों के अधिकार, बाल संरक्षण से जुड़े कानून, इंटरनेट और सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, दुर्व्यवहार एवं शोषण के खिलाफ आवाज उठाना, बाल विवाह और बाल शोषण की रोकथाम तथा जागरूकता के माध्यम से सशक्त समाज का निर्माण शामिल रहा।
वक्ताओं ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना जरूरी है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को इंटरनेट और सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी। साथ ही बताया कि किसी भी तरह के दुर्व्यवहार, शोषण या असहज स्थिति का सामना करने पर चुप रहने के बजाय माता-पिता, शिक्षक या किसी विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी दें। जरूरत पड़ने पर चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
कार्यक्रम में शिक्षक आकाश कुमार, मनोज कुमार, नम्रता कुमारी, सेराजुद्दीन, अभिमन्यु कुमार, मारुत नंदन, संगम मिश्रा, जय प्रकाश एवं प्रिया कुमारी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं और सैकड़ों छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य श्री सुदर्शन शर्मा ने जिला विधिक सेवा प्राधिकार, जहानाबाद तथा मुख्य अतिथि श्री सुनील कुमार सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि को पौधा भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
Jehanabad News: Legal awareness program organized at P.P.M. School under the ‘Safe Childhood’ campaign



















