मंगलवार दोपहर से थे लापता, शव मिलने के बाद परिजनों में मचा कोहराम.
जहानाबाद। रतनी प्रखंड के शकूराबाद थाना क्षेत्र स्थित हसनपुरा गांव में बुधवार को एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गांव निवासी बड़क मांझी (45 वर्ष) के रूप में की गई है। शव मिलने की सूचना पर घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। वहीं, मृतक की पहचान होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बड़क मांझी मंगलवार की दोपहर करीब तीन बजे से लापता थे। उनके अचानक लापता होने के बाद परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिल रहा था। बुधवार को उनका शव मिलने की खबर से परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही शकूराबाद थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक तौर पर पानी में डूबने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Jehanabad News: Body of missing Badak Manjhi found in Hasanpura village; suspected death by drowning.



















