जहानाबाद। जिले के पाली थाना क्षेत्र के बरांवा गांव में रविवार की रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक मुर्गी फार्म में 32 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान बरांवा गांव निवासी चंदन कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने मुर्गी फार्म के भीतर युवक का शव फंदे से लटका देखा, जिसके बाद इसकी सूचना तत्काल पाली थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। घटना के बाद मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है। पत्नी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों की चीख-पुकार से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया है। पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, युवक ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।
पाली थानाध्यक्ष शिशुपाल कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से प्राप्त आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Jehanabad News: Shocking – Young man’s body found hanging in a poultry farm; family devastated.



















