कुर्था के पूर्व विधायक बागी कुमार वर्मा का आज दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया, लंबे समय से चल रहे थे बीमार
नई दिल्ली/पटना: बिहार की राजनीति से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर आ रही है। अरवल जिले के कुर्था विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के दिग्गज नेता बागी कुमार वर्मा ((Bagi Kumar Verma) का निधन हो गया है। वे 71 वर्ष के थे और लगातार अस्वस्थ चल रहे थे। उन्होंने नई दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज के दौरान सोमवार देर रात करीब 12:40 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और दिल्ली में उनका उपचार जारी था। उनके निधन की खबर मिलते ही बिहार के राजनीतिक गलियारों और विशेषकर मगध क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। मंगलवार को पटना में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
कैसा रहा राजनैतिक सफर:
बागी कुमार वर्मा ने 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में राजद के टिकट पर कुर्था से जीत दर्ज की थी। इससे पहले वे 1995 से 2005 तक मखदुमपुर विधानसभा क्षेत्र का भी प्रतिनिधित्व कर चुके थे।
बागी कुमार वर्मा (Bagi Kumar Verma) को जमीनी नेता माना जाता था। ग्रामीण इलाकों में उनकी अच्छी पकड़ थी और सामाजिक मुद्दों पर वे खुलकर अपनी बात रखते थे। यही वजह थी कि अलग-अलग राजनीतिक दलों में रहने के बावजूद जनता के बीच उनकी लोकप्रियता बनी रही।
साल 2014 में उन्होंने जनता दल यूनाइटेड (JDU) के टिकट पर औरंगाबाद लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा था। हालांकि उस चुनाव में उन्हें सफलता नहीं मिली। इसके बाद भी वे राजनीति में सक्रिय रहे। वर्ष 2019 में उन्होंने जदयू से इस्तीफा दे दिया और दोबारा राष्ट्रीय जनता दल में शामिल हो गए। इसके बाद 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में उन्होंने कुर्था सीट से आरजेडी के टिकट पर चुनाव लड़ा और जीत हासिल कर एक बार फिर विधानसभा पहुंचे। उनकी जीत को उस समय क्षेत्रीय राजनीति में बड़ा संदेश माना गया था।
पारिवारिक पृष्ठभूमि:
वे पूर्व केंद्रीय मंत्री और कद्दावर समाजवादी नेता उपेंद्र नाथ वर्मा के पुत्र थे। वह जहानाबाद जिले के मखदुमपुर प्रखंड के झमनबिगहा गांव के निवासी पूर्व केंद्रीय मंत्री और समाजवादी नेता उपेंद्र नाथ वर्मा के मंझले बेटे थे
बागी कुमार वर्मा का कद और प्रभाव:
राजद में उनकी गिनती एक सुलझे हुए और अनुभवी नेता के रूप में होती थी। वे क्षेत्र की जनता के बीच “विकास पुरुष” के रूप में लोकप्रिय थे।
नेताओं ने व्यक्त किया शोक:
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इसे पार्टी और बिहार की राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है।



















