बुध, अप्रैल 15, 2026

Jehanabad News: फुटपाथ दुकानदारों के स्थायी समाधान की मांग तेज, नगर परिषद पर अड़ियल रवैये का आरोप।

जहानाबाद में फुटपाथ दुकानदारों के स्थायी पुनर्वास को लेकर एक बार फिर विवाद गहराता नजर आ रहा है। फुटपाथ दुकानदार संघ के जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार चोपड़ा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। चोपड़ा ने कहा कि जिला प्रशासन फुटपाथ दुकानदारों के स्थायी समाधान के लिए गंभीर है और यह सुनिश्चित करना चाहता है कि कोई भी गरीब दुकानदार अपने रोजी-रोजगार से वंचित न हो। उन्होंने कहा कि जिला पदाधिकारी का स्पष्ट उद्देश्य है कि सभी फुटपाथ दुकानदारों को व्यवस्थित कर उन्हें स्थायी रूप से रोजगार उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे भुखमरी की स्थिति में न पहुंचें।
हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी के अड़ियल रवैये के कारण इस दिशा में अपेक्षित प्रगति नहीं हो पा रही है। चोपड़ा के अनुसार, पूर्व में अतिक्रमण हटाने के दौरान जेसीबी मशीन से चार गुमटियों को तोड़ा गया और कई दुकानदारों का सामान जब्त कर लिया गया, जिससे दुकानदारों में आक्रोश है। उन्होंने इस कार्रवाई को “हिटलरशाही रवैया” करार दिया। चोपड़ा ने बताया कि फुटपाथ दुकानदार संघ एवं नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया (NASVI) लगातार स्ट्रीट वेंडर्स (जीविका संरक्षण एवं सड़क विक्रय विनियमन) अधिनियम 2014 के तहत स्थायी समाधान की मांग करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा कुछ हद तक पहल करते हुए सब्जी मंडी, कृषि बाजार, मीट-मुर्गा-मछली मार्केट, अरवल मोड़, राजा बाजार और बस स्टैंड जैसे स्थानों पर वेंडिंग जोन निर्धारित किए गए हैं, जहां कई दुकानदारों को व्यवस्थित भी किया गया है। हालांकि, कुछ दुकानदार अभी बस स्टैंड वेंडिंग जोन में जाने को तैयार नहीं हैं, जिससे समस्या बनी हुई है। संघ के अध्यक्ष ने सुझाव दिया कि इस मुद्दे का स्थायी समाधान निकालने के लिए जिला पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी और उप विकास आयुक्त के साथ संयुक्त बैठक की जानी चाहिए, ताकि सभी पक्षों की सहमति से अंतिम निर्णय लिया जा सके। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अतिक्रमण हटाने के बाद नगर परिषद इस मामले में सक्रिय नहीं है और फुटपाथ दुकानदारों की समस्याओं के समाधान में असफल साबित हो रही है। अंत में चोपड़ा ने कहा कि कुछ दुकानदारों की वजह से दोबारा सड़कों पर अव्यवस्थित तरीके से दुकान लगाना उचित नहीं है। सभी को व्यवस्थित कर रोजगार के बेहतर अवसर देने के लिए जिला प्रशासन और नगर परिषद को मिलकर काम करना होगा, ताकि गरीब दुकानदार निर्भीक होकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर सकें।

Jehanabad News: Demand for permanent solution for footpath shopkeepers intensifies, Municipal Council accused of adamant attitude.

Barun Kumar
Author: Barun Kumar

Relates News