जहानाबाद: नगर थाना क्षेत्र के राजा बाजार दक्षिणी दौलतपुर, परशुराम नगर (न्यू बाईपास) के पास स्थित एक मकान में चोरों ने बंद घर का फायदा उठाकर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने घर का ताला तोड़कर अलमारी, बक्सा और तिजोरी को तोड़ डाला तथा गहने, नगद रुपये और बर्तन समेत करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। जानकारी के अनुसार घर के मालिक नागेश कुमार, जो बीएसएफ में कार्यरत हैं, की माता की अचानक तबीयत खराब हो गई थी। इसके बाद रात में ही घर के सभी सदस्य ताला लगाकर इलाज के लिए अस्पताल चले गए थे। सुबह जब पूरा परिवार वापस घर लौटा तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ पाया। ताला टूटा देखकर घर के लोग घबरा गए और तुरंत अंदर जाकर देखा तो सभी कमरों के दरवाजे खुले हुए थे तथा सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। यहां तक कि पूजा घर का सामान भी अस्त-व्यस्त मिला। जब पूरे घर की जांच की गई तो तिजोरी, अलमारी, बक्से और पेटी टूटे हुए मिले और उनमें रखे गहने, नगद रुपये और अन्य कीमती सामान गायब थे। घटना की जानकारी मिलते ही घर के लोगों ने तुरंत डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें तीन संदिग्ध लोग घर के आसपास घूमते हुए दिखाई दिए हैं। हालांकि कैमरा दूर होने के कारण उनका चेहरा स्पष्ट नहीं दिख रहा है। पुलिस को आशंका है कि इन्हीं लोगों ने बंद घर को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।
पीड़ित नागेश कुमार ने बताया कि वह छुट्टी लेकर घर आए थे और घर की मरम्मत कराने के लिए करीब 50 हजार रुपये नगद घर में रखे थे। इसी बीच उनकी माता के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर मिली, जिसके बाद वह पूरे परिवार के साथ अस्पताल चले गए। उसी दौरान चोरों ने घर में चोरी कर ली। उन्होंने बताया कि इस मामले में नगर थाना में लिखित आवेदन दे दिया गया है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन में जुटी हुई है।
Jehanabad News: Thieves targeted a closed house, broke the lock and stole property worth around Rs 10 lakh.
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












