जहानाबाद हुलासगंज प्रखंड के राजकीय मध्य विद्यालय, नरमा में मंगलवार को जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) सरस्वती कुमारी ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, साफ-सफाई तथा प्रशासनिक प्रबंधन में कई अनियमितताएं सामने आईं, जिसे देखकर डीईओ ने गहरी नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में पाई गई लापरवाही को लेकर संबंधित कर्मियों को कड़ी फटकार लगाई और स्पष्ट चेतावनी दी कि बच्चों के भविष्य और शिक्षा की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने दोषियों के खिलाफ तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के क्रम में जिला शिक्षा पदाधिकारी स्वयं कक्षा में पहुंचीं और छात्र-छात्राओं को पढ़ाया। इस दौरान उन्होंने बच्चों की पढ़ाई का स्तर भी परखा और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। साथ ही बच्चों को मेहनत से पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर डीईओ सरस्वती कुमारी ने कहा कि शिक्षा विभाग का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर बरती गई लापरवाही अक्षम्य है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया कि शैक्षणिक माहौल बेहतर बनाया जाए और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए, ताकि उनका भविष्य उज्ज्वल हो सके।
Jehanabad News: District Education Officer conducts surprise inspection at Government Middle School Narma, expresses displeasure over irregularities.
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












