जहानाबाद वेंकटेश्वर नगर, अरवल रोड स्थित पी.पी. एम स्कूल में 17 फरवरी 2026 को वार्षिक खेल दिवस का भव्य शुभारंभ किया गया। तीन दिवसीय इस खेल प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य छात्रों में खेल भावना, अनुशासन और टीमवर्क की भावना को विकसित करना है।
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की निर्देशिका एवं राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित डॉ. इंदु कश्यप द्वारा दीप प्रज्वलन एवं विद्यालय ध्वज फहराकर की गई। इस अवसर पर उन्होंने छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि जीवन में हार-जीत को स्वीकार करना भी सिखाता है। उन्होंने कहा कि खेल के माध्यम से बच्चों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और सामूहिक कार्य करने की भावना का विकास होता है। इसके बाद विद्यालय के चारों सदनों के छात्रों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत किया। राष्ट्रगान और वंदे मातरम् की लय एवं ताल ने पूरे वातावरण को देशभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया।
खेल दिवस के पहले दिन जूनियर एवं सीनियर वर्ग के छात्रों के लिए विभिन्न ट्रैक एवं फील्ड प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। 100 मीटर दौड़ में बालक वर्ग से प्रमोद कुमार, विश्वजीत और रोशन तथा बालिका वर्ग से सान्या, श्रेया और प्राची ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। कप रेस में सीता, आनश्वी और त्रिशा विजेता रहीं। वहीं स्पून रेस में मानसी, संगीता और शिवानी ने अपनी तेज गति और संतुलन का शानदार प्रदर्शन किया।
पूरा खेल मैदान तालियों और छात्रों द्वारा अपने-अपने सदनों के जयकारों से गूंज उठा। इस अवसर पर विद्यालय परिवार के शिक्षक-शिक्षिकाओं में नंदकिशोर शर्मा, मनोज पाठक, राकेश कुमार, धीरज कुमार, सोनल सुमन, अभिमन्यु कुमार, जयप्रकाश कुमार, नवल किशोर, मोहम्मद सलीक, विवेक, आदित्य, अमित कुमार, रूपा कुमारी, पुष्प लता कुमारी, विद्या कुमारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी शिक्षकों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय प्रशासन के अनुसार यह प्रतियोगिता तीन दिनों तक चलेगी। दूसरे दिन कबड्डी, क्रिकेट और वॉलीबॉल जैसे प्रमुख खेलों का आयोजन किया जाएगा, जिसे लेकर छात्रों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।
Jehanabad News: Three-day sports competition begins at PPM School
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












