जहानाबाद जिला प्रशासन के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी (SDM) और यातायात पुलिस पदाधिकारी की संयुक्त अध्यक्षता में SDM कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में फुटपाथ दुकानदार संघ के जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार चोपड़ा, विनोद चौधरी, संतोष कुमार, राहुल कुमार और अनिकेत कुमार सहित कई प्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर में लगातार बढ़ते अतिक्रमण की समस्या का समाधान निकालना था। SDM ने स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रशासन की मंशा गरीब फुटपाथ दुकानदारों का सामान नष्ट करना नहीं है, बल्कि उन्हें सुरक्षित तरीके से निर्धारित स्थल पर लगाने को प्रोत्साहित करना है।
उन्होंने कहा कि उल्टा सब्जी मंडी वेंडिंग ज़ोन पहले से ही व्यवस्थित है, लेकिन कुछ दुकानदार सड़क के किनारे अतिक्रमण कर दुकानें लगाने लगे हैं, जिससे आम जनता और वाहनों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है।
अभियान के तहत दुकानदारों को किया गया जागरूक
बैठक के बाद SDM, SDPO और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने उल्टा सब्जी मंडी क्षेत्र में निरीक्षण किया। प्रशासनिक टीम ने पैदल जाकर दुकानदारों व आसपास के लोगों को अतिक्रमण के दुष्प्रभाव और सुरक्षा संबंधी नियमों के बारे में जागरूक किया।
फुटपाथ दुकानदार संघ के जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार चोपड़ा ने भी दुकानदारों से अपील की कि वे निर्धारित वेंडिंग ज़ोन, विशेषकर शनि मंदिर के पीछे उपलब्ध कराई गई जगह, पर ही दुकान लगाएँ। उन्होंने कहा कि यदि दुकानदार स्वयं पहल करेंगे तो प्रशासन हर संभव सहायता देने को तैयार है।
फिर भी शाम होते-होते सड़क पर बढ़ गया अतिक्रमण
प्रशासनिक प्रयासों और चेतावनियों के बावजूद, शाम होते-होते सड़क किनारे फिर से वाहन खड़े करने, सब्जी बेचने और अतिक्रमण की पुरानी स्थिति लौट आई। इससे स्पष्ट है कि कुछ दुकानदार सरकारी निर्देशों का पालन नहीं कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि स्थिति ऐसी ही रही तो यातायात बाधित रहेगा और दुर्घटनाओं की संभावना भी बनी रहेगी।
प्रशासन होगा और सख्त
सूत्रों के अनुसार, अब जिला प्रशासन अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी में है। बार-बार निर्देशों के बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वाले फुटपाथ दुकानदारों को इसका खामियाज़ा भुगतना पड़ सकता है।
Jehanabad News: Administration cracks down on encroachment by footpath vendors, meeting held at SDM office – encroachment increases again as evening approaches
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












