जहानाबाद बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के तहत नामांकन प्रक्रिया जोर पकड़ चुकी है। इसी क्रम में 216-जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र से चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी ने आज अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन के दौरान समर्थकों की भारी भीड़ अनुमंडल कार्यालय पहुंची, जहां उन्होंने फूल-मालाओं और नारेबाजी के बीच अपने नेता का जोरदार स्वागत किया।
नामांकन के बाद पत्रकारों से बातचीत में चंद्रवंशी ने जहानाबाद की जनता से भावनात्मक अपील की। उन्होंने कहा —“मैं जहानाबाद की जनता से निवेदन करता हूं कि पिछली बार की गलतियों को माफ करें और इस बार मुझे अपना प्यार और समर्थन दें। मैं वादा करता हूं कि जो भी कार्य अधूरे रह गए थे, उन्हें इस बार पूरा करूंगा।”
उन्होंने बताया कि उनके पिछले कार्यकाल में राजा बाजार अंडरपास का निर्माण कार्य पूरा किया गया, जिससे शहर के यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार हुआ। उन्होंने कहा कि यदि जनता ने पुनः मौका दिया, तो एनडीए सरकार के सहयोग से अधूरे विकास कार्यों को पूरा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।
चंद्रवंशी ने कहा कि उनका संकल्प जहानाबाद को रोजगार, शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में नई दिशा देना है। उन्होंने कहा —
“मेरा सपना है कि जहानाबाद का हर गांव विकास की रोशनी से जगमगाए और यहां के युवाओं को अपने जिले में ही रोजगार के अवसर मिलें।”
नामांकन के दौरान प्रशासन की ओर से कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। मौके पर शांतिपूर्ण माहौल रहा, वहीं समर्थकों में उत्साह और जोश देखने को मिला।
राजनीतिक पर्यवेक्षकों का कहना है कि चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी के नामांकन के साथ जहानाबाद सीट पर मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है, क्योंकि वे इस क्षेत्र के अनुभवी और लोकप्रिय नेता माने जाते हैं।
Jehanabad News: Chandeshwar Prasad Chandravanshi filed his nomination from the Jehanabad assembly seat and sought public support.
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












