जहानाबाद बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को देखते हुए जहानाबाद जिले में पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्क हो गया है। चुनाव आयोग के निर्देश और पुलिस अधीक्षक तथा नगर थानाध्यक्ष के आदेशानुसार जिले के सभी प्रवेश द्वारों, सीमाओं, चौक-चौराहों पर कड़ी वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
इस दौरान पुलिस द्वारा वाहनों के कागजातों की जांच, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी, तथा वाहनों में रखी नकदी की जांच की जा रही है। जांच के दौरान यदि किसी वाहन से बड़ी राशि बरामद होती है, तो संबंधित व्यक्ति से राशि का पूरा विवरण और वैध प्रमाण मांगा जा रहा है। वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने पर राशि को छोड़ दिया जा रहा है, जबकि संदिग्ध मामलों में पुलिस आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
वाहन जांच अभियान के दौरान अलगाना मोड़ पर एक दोपहिया वाहन से ₹2,58,000 नकद बरामद किए गए। पुलिस ने रकम को जप्त कर संबंधित व्यक्ति से उसका विवरण मांगा है। वहीं, घोसी मोड़ पर वाहन जांच के दौरान एक चारपहिया वाहन से ₹2,80,000 नकद बरामद किए गए। जांच के दौरान वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने के बाद राशि को छोड़ दिया गया।
इस संबंध में जहानाबाद नगर थानाध्यक्ष ने बताया कि चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद से ही जिले के सभी बैंक कर्मियों, व्यापारियों और व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को सूचित कर दिया गया था कि वे बिना प्रशासनिक जानकारी के बड़ी राशि का परिवहन या लेनदेन न करें। यदि किसी को वैध रूप से नकदी स्थानांतरित करनी हो, तो वह प्रशासन को सूचना देकर सुरक्षा बलों की सहायता ले सकता है।
थानाध्यक्ष ने कहा—“यह अभियान चुनाव आयोग के निर्देशानुसार संचालित किया जा रहा है। किसी भी संदिग्ध धनराशि पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है। वैध विवरण देने पर धनराशि लौटा दी जाती है, अन्यथा जांच पूरी होने तक उसे जब्त रखा जाता है।”
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह जांच अभियान आगामी दिनों में भी लगातार जारी रहेगा, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध धनराशि, शराब या प्रलोभन सामग्री चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित न कर सके।
Jehanabad News: Strict vehicle checking campaign started in Jehanabad for elections, lakhs of rupees recovered
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












