भागलपुर। देश के जाने-माने उद्योगपति और अरिस्टो कंपनी के प्रबंध निदेशक उमेश शर्मा उर्फ भोला बाबू इन दिनों बिहार दौरे पर हैं। समाज सेवा और ग्रामीण विकास की दिशा में कदम बढ़ाते हुए उन्होंने भागलपुर जिले के तुलसीपुर गांव को गोद लिया है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जिस-जिस गांव को वे गोद लेते हैं, वहां एक साल के भीतर तस्वीर पूरी तरह बदल जाती है।
भोला बाबू ने ग्रामीणों से कहा कि आज आप इस गांव की तस्वीर लें और एक साल बाद फिर से तस्वीर लें, फर्क साफ दिखाई देगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि गांव में हर तरफ विकास की गूंज होगी—चाहे वह पीने के पानी के लिए चापाकल हो, सड़कों पर सोलर स्ट्रीट लाइट, घरों के पास की गलियां, या किसानों के लिए योजनाएं।
उन्होंने बताया कि तुलसीपुर में केले की खेती अधिक होती है, लेकिन इसकी उपज का सही उपयोग नहीं हो पाता। इसके समाधान के लिए वे कंपनी के CSR फंड से यहां केला फूड प्रोसेसिंग यूनिट लगाने की योजना बना रहे हैं, ताकि केले से चिप्स और अन्य उत्पाद बनाकर किसानों की आमदनी बढ़ाई जा सके और स्थानीय युवाओं व महिलाओं को रोजगार मिल सके।
इसके साथ ही उन्होंने गांव में विवाह भवन, स्कूल, आईटीआई केंद्र और समुदाय भवन बनाने की घोषणा की। स्थानीय स्कूल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने पाया कि शौचालय और शुद्ध पानी की सुविधा की भारी कमी है। इस पर उन्होंने तुरंत शौचालय निर्माण, स्कूल परिसर में आरओ वाटर सिस्टम, चापाकल और सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल छात्रों के बीच स्कूल बैग, किताबें-कॉपी और खेलों में रुचि रखने वाले बच्चों को स्पोर्ट्स किट एवं क्रिकेट किट भी वितरित किए गए। छात्र-छात्राओं में इसे लेकर खासा उत्साह दिखा। भोला बाबू ने कहा कि अगर भविष्य में किसी भी स्कूल में बच्चों को पढ़ाई से जुड़ी किसी भी चीज की आवश्यकता हो तो सीधे उनकी CSR टीम से संपर्क किया जा सकता है।
गांव पहुंचने पर जिला परिषद सदस्य गौरव राय ने भोला बाबू का भव्य स्वागत किया और उन्हें चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया। सभा में महिलाओं की बड़ी संख्या देखकर भोला बाबू ने विशेष खुशी जताई और कहा कि महिलाओं के लिए भी रोजगार योजनाएं शुरू की जाएंगी, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।
उन्होंने कहा कि जल्द ही तुलसीपुर गांव विकास का आदर्श उदाहरण बनेगा और यहां के किसानों व ग्रामीणों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
Bihar News: Aristo Company MD Umesh Sharma aka Bhola Babu adopted Tulsipur village, said – I will change the picture of the village in a year
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












