
उत्तराखंड में आखिरकार निकाय चुनाव की तारीखों का एलान हो गया है। पिछले काफी समय से निकाय चुनाव में अंतिम आरक्षण सूची को लेकर काम चल रहा था। उत्तराखंड राज्य निर्वाचन आयोग ने सोमवार शाम को नगर निकाय चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसी के साथ आचार संहिता भी लागू हो गई है। निकाय चुनाव के लिए 23 जनवरी को मतदान होगा, जबकि 25 जनवरी को मतगणना होगी। 27 दिसंबर को नामांकन के साथ निकाय चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी। राज्य निर्वाचन आयुक्त सुशील कुमार ने आयोग के सभागार में पत्रकारों से बातचीत में निकाय चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की। इसके साथ ही राज्य के जिन 100 नगर निकायों में चुनाव होने हैं वहां आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। इससे पहले शासन ने निकाय चुनाव की समय सारिणी जारी की थी। उत्तराखंड में इस समय 112 निकाय है, जिनमें से 16 नगर निगम, 31 नगर पालिका परिषद और 53 नगर पंचायत शामिल हैं। अनंतिम अधिसूचना पर आपत्तियां दर्ज करने का मौका मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोग अपनी आपत्तियां लेकर सामने आए।

इनमें से अधिकांश आपत्तियां आरक्षण से संबंधित थीं। कई स्थानों पर उम्मीदवारों और स्थानीय जनता ने आरक्षण प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए। शहरी विकास विभाग ने इन आपत्तियों की सुनवाई करते हुए देर रात तक काम जारी रखा। चुनाव आयोग ने यह भी साफ कर दिया है कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन कराया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई की जाए। प्रदेश के राजनीतिक दल और उम्मीदवार अब चुनाव कार्यक्रम का इंतजार कर रहे हैं। अधिसूचना जारी होने के बाद सभी दल अपने उम्मीदवारों की घोषणा करेंगे और चुनाव प्रचार शुरू करेंगे। राज्य में नगर निकाय चुनावों को लेकर जनता के बीच उत्सुकता है, क्योंकि यह स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को दिशा देने का माध्यम है।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












