
एआई इंजीनियर अतुल सुभाष सुसाइड केस में बेंगलुरु पुलिस ने पत्नी, सास और साले को गिरफ्तार किया है। बेंगलुरु पुलिस के डीसीपी शिवकुमार ने बताया कि अतुल सुभाष की सास निशा सिंघानिया और साला अनुराग को प्रयागराज से गिरफ्तार किया। जबकि पत्नी निकिता को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया है। इन सभी को कोर्ट के सामने पेश किया गया, जहां से 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इंजीनियर अतुल सुभाष की मौत के बाद उनकी पत्नी और उनके परिवार के तीन सदस्यों ने आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में दर्ज प्राथमिकी के संबंध में शुक्रवार को इलाहाबाद उच्च न्यायालय में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन दायर किया था।
बता दें, मूल रूप से बिहार के रहने वाले अतुल सुभाष ने 24 पन्नों का सुसाइड नोट और एक वीडियो क्लिप छोड़ा है, जिसमें उसने अपनी पत्नी और उसके रिश्तेदारों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। उसने आरोप लगाया है कि जौनपुर फैमिली कोर्ट में तलाक, गुजारा भत्ता और बच्चे की कस्टडी को लेकर चल रहे मुकदमे के दौरान उसकी पत्नी निकिता, उसकी मां निशा, उसके भाई अनुराग और चाचा सुशील सिंघानिया ने उसे परेशान किया है। बेंगलुरु पुलिस ने अतुल सुभाष के भाई विकास कुमार की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की थी। एफआईआर के जवाब में आरोपी ने शुक्रवार को अग्रिम जमानत याचिका दायर की। इस याचिका पर इस सप्ताह के अंत में सुनवाई हो सकती है।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !



















