
जहानाबाद, 3 दिसंबर 2024: जिला पदाधिकारी-सह-उप विकास आयुक्त धनंजय कुमार की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभाकक्ष में उद्योग विभाग से संबंधित योजनाओं का ऋण वितरण शिविर एवं समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
इस कार्यक्रम के दौरान उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत कुल 11 लाभुकों को ऋण स्वीकृति और भुगतान पत्र वितरित किए गए। इनमें प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) के तहत 7 लाभुकों को ₹45.17 लाख का ऋण स्वीकृति पत्र और 1 लाभुक को ₹1.80 लाख का ऋण भुगतान पत्र वितरित किया गया।
प्रधानमंत्री फॉर्मलाइजेशन ऑफ माइक्रो फूड प्रोसेसिंग एंटरप्राइजेज (PMFME) योजना के अंतर्गत 1 लाभुक को ₹5.94 लाख का ऋण स्वीकृति पत्र दिया गया। इसके अलावा, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत 2 लाभुकों को ₹2 लाख का भुगतान पत्र प्रदान किया गया।
बैठक के दौरान जिले में चल रही विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि दिसंबर 2024 तक सभी निर्धारित लक्ष्यों को पूरा किया जाए। साथ ही, जिले के बैंकों को सीडी रेशियो (CD Ratio) को मौजूदा 42% से बढ़ाकर 45% से अधिक करने का निर्देश दिया गया।
इस अवसर पर बैंकों के समन्वयक, अग्रणी बैंक प्रबंधक, परियोजना प्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र के अधिकारी, उद्योग विस्तार पदाधिकारी, जिला संसाधन सेवी, और लाभुक उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने योजनाओं के सफल क्रियान्वयन और जिले के आर्थिक विकास में बैंकों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












