
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद आज सबसे महत्वपूर्ण दिन है। 26 नवंबर को महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल भी खत्म हो रहा है। ऐसे में आज ही नई सरकार का गठन होगा। महाराष्ट्र मुख्यमंत्री पद के मुद्दे को सुलझाने के लिए केंद्रीय नेतृत्व के साथ बैठकें हो रही हैं। इस बीच उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस दिल्ली पहुंच गए हैं। नए मुख्यमंत्री के तौर पर देवेंद्र फडणवीस और एकनाथ शिंदे को लेकर खींचतान जारी है। दिल्ली भाजपा केंद्रीय नेतृत्व भी मुख्यमंत्री पद को लेकर कई फार्मूले निकालने में लगा हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह सहयोगी दलों को नाराज करना नहीं चाहते हैं।
चर्चा है कि महाराष्ट्र में अगले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस होंगे। हालांकि अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है लेकिन देवेंद्र फडणवीस के नाम पर सीएम पद की मुहर लग चुकी है। पहले ढाई साल फडणवीस और अगले ढाई साल शिवसेना चीफ एकनाथ शिंदे सीएम रहेंगे। इन सभी घटनाक्रम के बीच महाराष्ट्र में एक फार्मूले पर चर्चा जोरों पर है। कहा जा रहा है कि एकनाथ शिंदे को केंद्रीय मंत्री बनाने का प्रस्ताव दिया गया है तो वहीं उनके बेटे श्रीकांत शिंदे को महाराष्ट्र का उपमुख्यमंत्री बनाने का प्रस्ताव दिया गया है। जबकि देवेंद्र फडणवीस राज्य के मुख्यमंत्री होंगे और अजित पवार भी डिप्टी सीएम बनेंगे।बीजेपी इस फार्मूले के जरिए तीनों दलों को साधने का प्रयास कर रही है।
इससे शिंदे के सम्मान को भी ठेस नहीं पहुंचेगी और मामला भी आसानी से हल हो जाएगा। हालांकि शिवसेना के नेता एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बनाने का दबाव लगातार बना रहे हैं।बीजेपी के लिए शिंदे को हटाना इतना आसान भी नहीं है। शिंदे मराठा समुदाय से हैं जबकि देवेंद्र फडणवीस ब्राह्मण हैं। महाराष्ट्र में बीते कई महीनों में मराठा आरक्षण आंदोलन और मराठा नेतृत्व का दावा भी किया गया। आने वाले समय में बीएमसी नगर निगम के चुनाव भी होने वाले हैं। बीजेपी कोई भी रिस्क नहीं लेना चाहती।शिवसेना नेता शिंदे ने एक्स पर अपनी पोस्ट में कहा कि महायुति की बड़ी जीत के बाद राज्य में एक बार फिर हमारी सरकार बनेगी. महागठबंधन के तौर पर हमने साथ मिलकर चुनाव लड़ा और आज भी साथ हैं। मेरे प्रति प्रेम के कारण, कुछ मंडलियों ने सभी से एक साथ इकट्ठा होने और मुंबई आने की अपील की है। मैं आपके प्यार के लिए बहुत आभारी हूं।
उन्होंने कहा कि मैं अपील करता हूं कि कोई भी इस तरह से मेरे समर्थन में एकजुट न हो। एक बार फिर मेरा विनम्र अनुरोध है कि शिवसेना कार्यकर्ता वर्षा निवास या कहीं और इकट्ठा न हों। मजबूत और समृद्ध महाराष्ट्र के लिए महागठबंधन मजबूत है और मजबूत रहेगा। नई सरकार के गठन हेतु पहले मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को आज इस्तीफा देना होगा। राज्य की 288 सीटों में भाजपा ने 132, शिंदे गुट ने 57 और अजित पवार गुट ने 41 सीटें जीती हैं। वहीं शिवसेना (यूबीटी) अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने महाराष्ट्र विधानमंडल में अपनी पार्टी के विधायक दल का नेता बेटे आदित्य ठाकरे को बनाया है। सोमवार को हुई विधायक दल की बैठक में यह निर्णय लिया गया। इस निर्णय की एक प्रति विधानसभा के सचिव को दी गई है। उद्धव सेना के वरिष्ठ नेता व विधान परिषद में विरोधी पक्ष नेता अंबादास दानवे ने बताया कि पूर्व मंत्री भास्कर जाधव को राज्य विधानसभा में पार्टी का नेता चुना गया है, जबकि सुनील प्रभु को पार्टी का मुख्य सचेतक नामित किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि राज्य में सरकार बनने के बाद नेता प्रतिपक्ष को लेकर चर्चा होगी। विधानसभा चुनाव में उद्धव सेना की पार्टी के 20 विधायक चुनकर आए हैं
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












