
उत्तर प्रदेश के झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई सरकारी मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार रात दुखद घटना हुई। मेडिकल कॉलेज में स्पेशल न्यू बोर्न केयर यूनिट में शुक्रवार रात भीषण आग लग गई। हादसे में 10 बच्चों की मौत हो गई। इस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। आग की वजह से पूरे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई थी, लेकिन प्रशासन और अस्पताल प्रशासन की तत्परता से कई बच्चों की जान बचाई जा सकी। पुलिस और फायर विभाग की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं। वार्ड की खिड़की तोड़कर 39 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घटना रात करीब साढ़े 10 बजे की है। ऑक्सीजन कंसंट्रेटर में स्पार्किंग के चलते आग लगी, फिर धमाका हो गया। इसके बाद पूरे वार्ड में आग फैल गई। सूचना पर फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियां पहुंचीं और 2 घंटे में आग पर काबू पाया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मृतक बच्चों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना जताई। उन्होंने घायलों के इलाज में तत्परता दिखाने के लिए जिला प्रशासन को निर्देश दिए और मामले की गहन जांच के आदेश दिए। सीएम ने झांसी के कमिश्नर और डीआईजी को इस मामले की जांच करने और 12 घंटे के भीतर रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है। जांच में यह सामने आया कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी। उधर, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और स्वास्थ्य विभाग के प्रमुख सचिव घटनास्थल पर आज सुबह पहुंच गए हैं। 1968 में शुरू हुआ यह सरकारी मेडिकल कॉलेज बुंदेलखंड क्षेत्र के सबसे बड़े अस्पतालों में से एक है। घटना के बाद बचाव कार्य रात 1 बजे तक पूरा कर लिया गया। डीएम अविनाश कुमार ने कहा- बाहर की तरफ जो बच्चे थे, वो बचा लिए गए हैं। अंदर की तरफ जो बच्चे थे, वो काफी झुलस गए हैं। 10 बच्चों की मौत हो गई है। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आ रही है। जितने बच्चे घायल हैं, उनकी मॉनिटरिंग की जा रही है। घटना 10.30 बजे से 10.45 के बीच की है। एक जांच टीम बना दी गई है। जो इसकी रिपोर्ट देगी।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












