
जहानाबाद सूफी महोत्सव, 2024 के सफल आयोजन हेतु जिला पदाधिकारी द्वारा तैयारियों की निरंतर समीक्षा की जा रही है। जिला पदाधिकारी द्वारा आज सूफी महोत्सव आयोजन स्थल पर तैयारियों का जायजा लेने के लिए कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण भी किया गया ।
जिला पदाधिकारी अलंकृता पांडे एवम पुलिस अधीक्षक, अरविंद प्रताप सिंह के द्वारा, काको प्रखंड स्थित मध्य विद्यालय ,काको के मैदान में, महान सूफी संत हजरत बीबी कमाल के सम्मान में आयोजित होने वाले सूफी महोत्सव के सफल आयोजन एवम् इस दौरान विधि व्यवस्था सुदृढ़ीकरण हेतु संयुक्त आदेश जारी कर दिया गया है एवं कार्यक्रम स्थल पर सिविल दंडाधिकारियों ,पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। आज प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों/पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के द्वारा संयुक्त रूप से ब्रीफिंग की गई ,जिसमें अधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को दिए गए कार्यों का अक्षरशः अनुपालन करने का निर्देश दिया गया।
कार्यक्रम आयोजन स्थल पर मान्य अतिथियों /गणमान्य अतिथियों /महिला दर्शको के लिए भी अलग-अलग दीर्घा की व्यवस्था की गई है ,जिससे कि दर्शक सुविधा पूर्ण तरीके से सूफी महोत्सव के दौरान बॉलीवुड के प्रसिद्ध पार्श्व गायक मोहम्मद इरफान एवं भागलपुर सूफी ग्रुप तथा स्थानीय कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुति का आनंद ले सके।जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा की गई संयुक्त ब्रीफिंग के मुख्य बिंदु निम्नवत हैंः

1) सिविल सर्जन,जहानाबाद को समारोह स्थल पर एक आतुर वाहन ,सभी आवश्यक उपकरणों ,प्राण रक्षक दवाओं के साथ चिकित्सा दल की प्रतिनियुक्ति करने का आदेश दिया गया है।
2) कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल ,जहानाबाद को कार्यक्रम स्थल एवं दरगाह तथा उसके आसपास विद्युत प्रवाहित नंगा अथवा कटा हुआ तार तथा कार्यक्रम स्थल पर की गई संपूर्ण अस्थाई वायरिंग की जांच करने का निर्देश दिया गया है।
3) कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल ,जहानाबाद ,को कार्यक्रम स्थल पर निर्माण किए गए मंच पंडाल ,बैरिकेडिंग, गेट आदि की मजबूती की जांच करते हुए ,उससे संबंधित प्रतिवेदन, कार्यक्रम के पूर्व अनुमंडल पदाधिकारी जहानाबाद को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
4) कार्यपालक अभियंता ,लोक स्वास्थ्य प्रमंडल , जहानाबाद , दरगाह पर पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था करने के लिए निर्देशित किए गए हैं।साथ ही कार्यक्रम स्थल पर भी ,उन्हें पानी की टैंकर पर्याप्त संख्या में उपलब्ध रखने एवं सार्वजनिक शौचालय की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है।

5) कार्यक्रम स्थल पर अग्निसम्मन की व्यवस्था सुदृढ़ रखने हेतु, जिला अग्निशमन पदाधिकारी को निदेश दिया गया है कि अग्निशाम वाहन की व्यवस्था , टीम के साथ, सुनिश्चित करेंगे।
6) विगत वर्षों के भांति इस बार भी सूफी महोत्सव के दौरान भारी मात्रा में दर्शकों के आने की संभावना के मद्देनजर, जिला प्रशासन के द्वारा दरगाह एवं कार्यक्रम स्थल पर साफ सफाई की व्यवस्था सुदृढ़ रखना की जिम्मेवारी का पालन तत्परता के साथ करने के लिए, कार्यपालक पदाधिकारी, नगर पंचायत ,काको को निदेश दिया गया है।
7) कार्यक्रम स्थल पर आगमन एवं निर्गमन हेतु अलग-अलग व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा 13 सितंबर को आयोजित होने वाले सूफी महोत्सव की तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आप सभी जिला वासियों एवम जिला से इतर अन्य भी कला प्रेमियों/दर्शको से अनुरोध है कि कार्यक्रम में सादर पधारे एवं पर्यटन विभाग , बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन, जहानाबाद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का भरपूर लुफ्त उठाएं।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












