
जहानाबाद, 27 नवंबर 2024: बाल विवाह मुक्त भारत अभियान की शुरुआत के तहत आज समाहरणालय सभागार में शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जहानाबाद के अपर समाहर्ता ने की। इस अवसर पर उन्होंने बाल विवाह को बच्चों के अधिकारों का हनन करार देते हुए इसे रोकने के लिए सभी से सक्रिय भागीदारी की अपील की।
कार्यक्रम में बताया गया कि विवाह के लिए निर्धारित न्यूनतम आयु 18 वर्ष है। बाल विवाह न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि बच्चों के शिक्षा, स्वास्थ्य और उनके भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। इस समस्या को समाप्त करने के लिए भेदभाव मुक्त और समानता पर आधारित समाज का निर्माण करना जरूरी है।
शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित लोगों ने यह संकल्प लिया कि वे अपने परिवार, पड़ोस और समुदाय में बाल विवाह रोकने के हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने यह भी वचन दिया कि बाल विवाह के किसी भी प्रयास की सूचना पंचायत और सरकारी अधिकारियों को देंगे। साथ ही बच्चों की शिक्षा और सुरक्षा के लिए अपनी आवाज बुलंद करेंगे और बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण में योगदान देंगे।
कार्यक्रम में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (ICDS), अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परियोजना प्रबंधक (महिला एवं बाल विकास निगम), ADCP, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, महिला पर्यवेक्षिका, और समाहरणालय के अन्य कर्मी उपस्थित थे।
अधिकारियों ने इस अवसर पर कहा कि इस अभियान के माध्यम से बाल विवाह की प्रथा को समाप्त करना और बच्चों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करना प्राथमिक लक्ष्य है। इस प्रयास से जहानाबाद में सामाजिक बदलाव और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त होगा।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !












