गुरु, फ़रवरी 12, 2026

Jehanabad News: घोसी के किसानों की समस्याओं को लेकर विधायक ऋतुराज सक्रिय, सिंचाई व बाढ़ सुरक्षा को लेकर उठाए मुद्दे

जहानाबाद। घोसी विधानसभा क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को लेकर विधायक ऋतुराज लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने और किसानों को राहत दिलाने के उद्देश्य से उन्होंने विधानसभा में कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए हैं।
विधायक ऋतुराज ने सदन में फल्गु नदी के तटों के सुदृढ़ीकरण तथा अलगना पईन को अतिक्रमण मुक्त कराने का मामला प्रमुखता से रखा। उन्होंने तारांकित प्रश्न के माध्यम से सरकार से अलगना पईन की उड़ाही और सफाई कार्य शुरू कराने की मांग की।
सरकार ने अपने जवाब में स्वीकार किया कि अलगना पईन में अतिक्रमण और गाद जमाव के कारण जल प्रवाह बाधित हो रहा है, जिससे क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित हो रही है। लघु जल संसाधन विभाग ने बताया कि अलगना पईन का विस्तृत सर्वेक्षण कराया जाएगा। सर्वेक्षण के बाद डीपीआर तैयार कर तकनीकी स्वीकृति, निधि उपलब्धता और विभागीय प्राथमिकता के आधार पर अतिक्रमण हटाकर उड़ाही (गाद निकासी) का कार्य कराया जाएगा।
विधायक ऋतुराज ने इसे किसानों के हित में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि वे लगातार प्रयास करते रहेंगे, ताकि सर्वेक्षण और निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सके। उन्होंने कहा कि अलगना पईन को उसके मूल स्वरूप में बहाल कर किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों का हित उनके लिए सर्वोपरि है और वे उनके अधिकारों के लिए सदन में मजबूती से आवाज उठाते रहेंगे।
इसके अलावा विधायक ऋतुराज ने फल्गु नदी में आई भीषण बाढ़ से हुए नुकसान का मुद्दा भी सदन में उठाया। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष झुनकी मोड़ से नंदना गांव तक घोसी विधानसभा क्षेत्र का बड़ा हिस्सा बाढ़ से प्रभावित हुआ था। सरकार ने माना कि झारखंड के जलग्रहण क्षेत्रों में अत्यधिक वर्षा के कारण फल्गु नदी में रिकॉर्ड जलस्तर बढ़ा, जिससे लघु और जमींदारी बांधों पर भारी दबाव पड़ा और कई स्थानों पर खतरे की स्थिति उत्पन्न हुई।
सरकार ने यह भी जानकारी दी कि जहानाबाद, नालंदा और पटना जिलों में फल्गु, पंचाने और दरधा नदी बेसिन के अंतर्गत लघु बांधों की सुरक्षा के लिए विस्तृत और समग्र योजना तैयार की गई है, जिसमें घोसी विधानसभा क्षेत्र को भी शामिल किया गया है।
विधायक ऋतुराज ने आश्वासन दिया कि बाढ़ से स्थायी सुरक्षा, बाढ़ प्रतिरोधी दीवार के निर्माण और नदी तटों के सुदृढ़ीकरण के लिए वे लगातार सरकार पर दबाव बनाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि घोसी क्षेत्र के लोगों के हित, सम्मान और भविष्य से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

Jehanabad News: MLA Rituraj is active in addressing the problems of Ghosi farmers, raising issues related to irrigation and flood protection.

Barun Kumar
Author: Barun Kumar

I am Journalist covering News around Jehanabad and Bihar

Relates News

Discover more from DW Samachar

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading