जहानाबाद: नगर थाना क्षेत्र के राजाबाजार में दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष और जानलेवा हमले के मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। घटना के एक दिन बाद, रविवार 05 जुलाई 2026 को आईजी मगध रेंज ने राजाबाजार स्थित घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की विस्तृत जानकारी ली। जानकारी के अनुसार, 04 जुलाई 2026 को राजाबाजार में दो पक्षों के बीच आपसी रंजिश को लेकर हिंसक झड़प हुई थी। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जानलेवा हमला करने और हथियार लहराने का आरोप लगाते हुए नगर थाना में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई है। दोनों मामलों में आरोपी एक-दूसरे के विरुद्ध दर्ज कांड में सीधे तौर पर नामजद हैं। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि इस खूनी संघर्ष के पीछे इलाके में अवैध शराब के कारोबार पर वर्चस्व स्थापित करने की होड़ और पुरानी रंजिश मुख्य कारण मानी जा रही है। स्थानीय स्तर पर इसे आपसी गैंगवार के रूप में भी देखा जा रहा है। नगर थाना पुलिस ने दोनों पक्षों के आवेदनों के आधार पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। प्रथम पक्ष की ओर से कांड संख्या 648/26 तथा द्वितीय पक्ष की ओर से कांड संख्या 647/26 दर्ज किया गया है। आईजी मगध रेंज ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के दौरान पुलिस अधिकारियों को मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच करने, सभी नामजद आरोपियों की भूमिका की पड़ताल करने तथा विधि सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
Jehanabad News: IG inspects the scene following a gang war in Rajabazar; illegal liquor and a battle for dominance identified as the causes of the violence.



















