गुरु, मार्च 19, 2026

Gaya ji News: बे लगाम चोर: एक ही घर को तीसरी बार बनाया निशाना, ट्रक के बाद अब दो गाय चोरी

गया: गया जिले में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिससे आम लोगों में डर और नाराजगी का माहौल है। ताजा मामला मगध मेडिकल थाना क्षेत्र के नैली स्थित मजार के पास का है, जहां चोरों ने एक ही परिवार को तीसरी बार निशाना बनाते हुए इस बार दो गाय चोरी कर ली। हैरानी की बात यह है कि इससे पहले भी इसी घर में दो बड़ी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर पाई है।

पीड़ित सुनील कुमार यादव के अनुसार, बीती रात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़ा और बड़ी आसानी से दो लाल रंग की गाय लेकर फरार हो गए। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो घटना का पता चला। मौके पर पिकअप वाहन के टायर के निशान मिले हैं, जिससे यह साफ है कि चोर पूरी योजना और तैयारी के साथ आए थे। चोरी गई गायों की कीमत लगभग एक लाख रुपये बताई जा रही है।

यह पहली घटना नहीं है जब इस परिवार को निशाना बनाया गया हो। वर्ष 2023 में चोरों ने उनके ट्रक की बैटरी चुरा ली थी। इसके बाद 2024 में घर के पास खड़ी 22 चक्का ट्रक भी चोरी कर ली गई, जो आज तक बरामद नहीं हो सकी है। लगातार तीसरी बार चोरी होने से परिवार दहशत में है और खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में चोरी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, लेकिन पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। घटना की सूचना देने के बावजूद पुलिस के देर से पहुंचने पर लोगों में आक्रोश देखा गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो चोरों के हौसले और बुलंद हो जाएंगे। इस घटना ने पुलिस की कार्यशैली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक ही घर को बार-बार निशाना बनाया जाना इस बात का संकेत है कि अपराधियों को किसी का डर नहीं है।

Gaya ji News: Unruly thieves: Same house targeted for the third time, after truck, now two cows stolen

Barun Kumar
Author: Barun Kumar

I am Journalist covering News around Jehanabad and Bihar

Relates News

Discover more from DW Samachar

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading