
JOIN OUR WHATSAPP GROUP
देश में इस वर्ष गणतंत्र दिवस की परेड में शामिल होने मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतेह अल-सिसी दिल्ली पहुंच चुके हैं। पहली बार वे मुख्य अतिथि के रूप में गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होंगे। अपनी यात्रा के दौरान वे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर से भी मुलाकात करेंगे। मिस्र के राष्ट्रपति के भारत पहुंचने पर पीएम मोदी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया है।
पीएम मोदी ने गर्मजोशी से किया स्वागत, मुलाकात पर किया ट्वीट:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिस्र के राष्ट्रपति का भारत आने पर गर्मजोशी से स्वागत किया है। पीएम मोदी ने ट्वीट में लिखा कि “राष्ट्रपति अब्देल फत्ताह अल-सिसी का भारत में गर्मजोशी से स्वागत है। हमारे गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में भारत की आपकी ऐतिहासिक यात्रा सभी भारतीयों के लिए बेहद खुशी की बात है। कल हमारी चर्चा के लिए तत्पर हैं।”
पीएम मोदी संग आज होगी अहम बैठक:
मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतेह अल-सिसी इस दौरान कृषि, डिजिटल डोमेन और व्यापार सहित कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ाने पर भी वार्ता करेंगे। उनके कार्यक्रम के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीसी बुधवार को इस मुद्दों पर बातचीत करेंगे। कहा जा रहा है कि बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच कई क्षेत्रों में संबंध मजबूत करने के लिए आधा दर्जन समझौते होने की उम्मीद है।
मिस्र के राष्ट्रपति सीसी के साथ एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आया है। इसमें पांच मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।
पहली बार गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगे मिस्र के राष्ट्रपति
मिस्र के राष्ट्रपति ने तीसरे भारत-अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए अक्टूबर 2015 में भारत का दौरा किया था। इसके बाद सितंबर 2016 में उनकी राजकीय यात्रा हुई थी। हालांकि यह पहली बार है कि मिस्र के राष्ट्रपति को भारत के गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। मिस्र की सेना की एक सैन्य टुकड़ी भी गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेगी।
Author: AK
! Let us live and strive for freedom ! Freelance Journalist ! Politics ! News Junky !



















