रोको-टोको अभियान और ऑपरेशन चबूतरा को प्रभावी बनाने पर जोर, जेल से छूटे अपराधियों की होगी सतत निगरानी
जहानाबाद। जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के उद्देश्य से सोमवार को पुलिस केंद्र, जहानाबाद में पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, अंचल निरीक्षक एवं जिले के सभी थानाध्यक्ष शामिल हुए। इस दौरान जिले में आपराधिक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में गंभीर आपराधिक कांडों का त्वरित निष्पादन करने और लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का निर्देश दिया गया। साथ ही लंबित वारंट एवं कुर्की-जब्ती की कार्रवाई में तेजी लाने पर जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने ‘रोको-टोको अभियान’ को और प्रभावी बनाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया।
सूखा नशा और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ‘ऑपरेशन चबूतरा’ के तहत सघन छापेमारी अभियान चलाने को कहा गया। वहीं शराब एवं मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। जेल से छूटकर बाहर आए अपराधकर्मियों का भौतिक सत्यापन करने और उनकी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने की भी हिदायत दी गई।इसके अलावा रात्रि गश्ती और सुपर पेट्रोलिंग को मजबूत बनाने के साथ कम्युनिटी पुलिसिंग को बढ़ावा देने पर बल दिया गया। आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी रखने और शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सक्रियता से कार्य करने और अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।
Jehanabad News: SP holds monthly crime review meeting; issues directives for the swift disposal of pending cases.



















