कैनात इंटरनेशनल स्कूल में विश्व तनाव जागरूकता दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित, 20 से अधिक यूपीएससी अभ्यर्थियों ने पूछे सवाल; गुलदस्ते की जगह अतिथियों को भेंट की गई फूलगोभी
जहानाबाद। काको स्थित कैनात इंटरनेशनल स्कूल, कैनात नगर में बुधवार को विश्व तनाव जागरूकता दिवस के अवसर पर कैनात फाउंडेशन एवं जामिया कैनात के संयुक्त तत्वावधान में विशेष जागरूकता एवं प्रेरणात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार (आईपीएस) ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद कर उन्हें सिविल सेवा में जाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान 20 से अधिक यूपीएससी अभ्यर्थियों और सिविल सेवा में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘एक सिविल सेवक के रूप में राष्ट्र की सेवा’ रहा। इस दौरान एसपी ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, समय प्रबंधन, अनुशासन, आत्मविश्वास और तनाव से निपटने के उपायों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि जीवन में लक्ष्य निर्धारित करना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी उसे हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास और उत्साह बनाए रखना है। उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश दिया कि अपने लक्ष्य को हमेशा जीवित रखें और उसे पाने के लिए जुनून एवं दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ें।
कार्यक्रम की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर की गई। कैनात नगर पहुंचने पर भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की टीम ने एसपी का स्वागत किया। इस अवसर पर एक अनूठी पहल भी देखने को मिली। परंपरागत फूलों के गुलदस्ते की जगह अतिथियों को ताजी फूलगोभी भेंट की गई। इस पहल के माध्यम से सादगी, पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति सम्मान का संदेश दिया गया।
तनाव जागरूकता सत्र के दौरान एसपी कोटा किरण कुमार ने व्हाइटबोर्ड पर कार्टून बनाकर विद्यार्थियों के साथ संवाद की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि पढ़ाई के साथ रचनात्मक गतिविधियों, खेलकूद, मनोरंजन और अपनी रुचियों के लिए भी समय निकालना चाहिए। इससे मानसिक तनाव कम होता है और व्यक्ति का आत्मविश्वास बढ़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के दबाव और व्यक्तिगत रुचियों के बीच संतुलन बनाए रखने की सलाह दी।
इस दौरान विद्यार्थियों ने यूपीएससी की तैयारी, प्रतियोगी परीक्षाओं की रणनीति, दैनिक दिनचर्या, समय प्रबंधन और प्रशासनिक सेवा में आने वाली चुनौतियों से जुड़े कई सवाल पूछे। एक छात्र जीशान ने सवाल किया कि यदि आज वे ग्रामीण बिहार के किसी विद्यालय के छात्र होते और सिविल सेवक बनने का सपना देखते, तो उनकी दैनिक पढ़ाई की दिनचर्या कैसी होती? इस सवाल पर एसपी ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का महत्व समझाया। संवाद के दौरान उन्होंने अपने अनुभव भी साझा किए, जिससे विद्यार्थियों को सिविल सेवा की तैयारी को व्यावहारिक रूप से समझने का अवसर मिला।
इस मौके पर कैनात फाउंडेशन एवं कैनात इंटरनेशनल स्कूल के संस्थापक अध्यक्ष शकील अहमद काकवी ने कहा कि स्वस्थ मन से ही प्रेरित युवा तैयार होते हैं और यही युवा आगे चलकर जिम्मेदार नागरिक बनते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का मानसिक, भावनात्मक और सामाजिक विकास भी होना चाहिए।
उन्होंने ग्रामीण बिहार के प्रतिभाशाली युवाओं को स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, करियर मार्गदर्शन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही काको के कैनात नगर में यूपीएससी सिविल सेवा तैयारी एवं मार्गदर्शन केंद्र स्थापित करने की इच्छा जताई, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को सिविल सेवा की तैयारी के लिए बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़े।कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगोली के माध्यम से तनाव जागरूकता का संदेश भी दिया। रंगोली का निर्माण श्रीमती फरजाना और अंजलि कुमारी के मार्गदर्शन में प्री-प्राइमरी एवं प्राइमरी सेक्शन के बच्चों ने किया। कार्यक्रम का संचालन शरिया गोहर ने किया, जबकि अखिल कुमार और रिया कुमारी ने समन्वय की जिम्मेदारी निभाई। आयोजन को सफल बनाने में भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच, मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने के संकल्प के साथ हुआ।
Jehanabad News: SP Kota Kiran Kumar inspires youth in rural Bihar for civil services, engages in direct interaction with students.



















