जहानाबाद शहर में सोमवार को भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ निकाली गई। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी आयोजित रथ यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे शहर में “जय जगन्नाथ” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो उठा। रथ यात्रा का शुभारंभ गांधी मैदान से विधि-विधान के साथ किया गया। इसके बाद रथ गांधी मैदान से अंबेडकर चौक, हॉस्पिटल मोड़, अरवल मोड़, काको मोड़, स्टेशन रोड, पंचमहल्ला, मलहचक मोड़, एरोड्रम रोड, थाना रोड होते हुए महिला थाना स्थित श्रीकृष्ण मंदिर पहुंची, जहां पूजा-अर्चना और आरती के साथ यात्रा का समापन हुआ। यात्रा के दौरान महिला, पुरुष, युवा और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ के रथ के साथ भजन-कीर्तन करते हुए, नृत्य करते हुए और जयकारे लगाते हुए पूरे शहर का भ्रमण करते रहे। गह-जगह श्रद्धालुओं ने रथ की पूजा-अर्चना कर भगवान श्री जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया। आयोजकों ने बताया कि जहानाबाद में यह रथ यात्रा पिछले छह वर्षों से लगातार निकाली जा रही है।

इसका आयोजन संयुक्त रूप से किया जाता है। कार्यक्रम का संचालन एवं धार्मिक अनुष्ठान पंडित रामनारायण दास के नेतृत्व में संपन्न हुआ। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान जगन्नाथ के बताए मार्ग पर चलने तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश फैलाने की अपील की। रथ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी। प्रशासन ने रूट पर यातायात को नियंत्रित कर रथ यात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह देखने को मिला। भक्ति, आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का संगम बनी यह भव्य रथ यात्रा शहरवासियों के लिए आकर्षण का केंद्र रही।
Jehanabad News: Lord Jagannath’s grand Rath Yatra taken out with devotion and jubilation; Jehanabad resonated with chants of ‘Jai Jagannath’.


















