जहानाबाद। पुलिस अधीक्षक अपराजित लोहान ने सोमवार देर रात नगर थाना पहुंचकर महत्वपूर्ण एवं लंबित आपराधिक कांडों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान अंचल निरीक्षक, नगर थानाध्यक्ष, अनुसंधानकर्ता सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
समीक्षा बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने लंबित मामलों में अनुसंधान की प्रगति का बारीकी से आकलन किया और साक्ष्यों के वैज्ञानिक एवं प्रभावी संकलन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अनुसंधानकर्ताओं को निर्देश दिया कि प्रत्येक कांड का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध अनुसंधान सुनिश्चित करते हुए शीघ्र निष्पादन किया जाए, ताकि पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।
पुलिस अधीक्षक ने नगर थाना के प्रशासनिक कार्यों, सुरक्षा व्यवस्था और विधि-व्यवस्था की स्थिति का भी जायजा लिया। उन्होंने थाना में आने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार, कार्यों में पारदर्शिता तथा पुलिस की जवाबदेही बनाए रखने के निर्देश दिए।
साथ ही पुलिस पदाधिकारियों को अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन और कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के लिए सतर्कता एवं सक्रियता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
Jehanabad News: SP visits the Town Police Station; reviews pending cases late at night; issues directives for speedy investigation and disposal.



















