जहानाबाद। जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो की टक्कर से 56 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हो गई। मिली जानकारी के अनुसार परसबिगहा थाना क्षेत्र के शीतलगढ़ निवासी नवल सिंह (56 वर्ष) अपने भाई के यहां जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान टोल प्लाजा पार करने के क्रम में तेज गति से आ रही एक स्कॉर्पियो ने उनके वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि नवल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे में एक महिला भी घायल हुई, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए हाईवे एंबुलेंस की मदद से जहानाबाद सदर अस्पताल लाया गया। महिला की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू कर दिया है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

सदर अस्पताल में तैनात चिकित्सक डॉ. आफताब आलम ने बताया कि नवल सिंह को अस्पताल लाए जाने पर जांच के दौरान मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोटें आई थीं और उनकी सांसें पहले ही थम चुकी थीं। वहीं घायल महिला का इलाज किया गया है और उनकी हालत स्थिर है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन सदर अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। मृतक के भतीजे अनूप कुमार ने नवल सिंह की पहचान करते हुए घटना की जानकारी दी। परिजनों ने प्रशासन से दोषी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा एवं सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने सरकार और प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने तथा ओवरस्पीडिंग पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Jehanabad News: 56-year-old man killed, woman injured after being hit by speeding Scorpio.



















