13 सदस्यों ने खोला मोर्चा, प्रखंड प्रमुख पर भ्रष्टाचार और मनमानी के आरोप
जहानाबाद:जिले में पंचायत स्तर की राजनीति उस समय गरमा गई, जब प्रखंड प्रमुख अशरफी खातून के खिलाफ पंचायत समिति के 19 में से 13 सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव दाखिल कर दिया। सदस्यों ने अपना आवेदन प्रखंड विकास पदाधिकारी आकांक्षा सिंह को सौंपते हुए प्रमुख के कार्यकाल पर गंभीर सवाल उठाए हैं। अविश्वास प्रस्ताव में सदस्यों ने आरोप लगाया है कि प्रखंड में संचालित विकास योजनाओं में व्यापक अनियमितता और भ्रष्टाचार हुआ है। उनका कहना है कि योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता का अभाव रहा और कई कार्यों में नियमों की अनदेखी की गई, जिससे आम जनता को योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल सका। सदस्यों ने यह भी आरोप लगाया कि निगरानी विभाग, पटना द्वारा प्रमुख अशरफी खातून और उनके पति मोहम्मद बबन के खिलाफ पहले से ही प्राथमिकी दर्ज है। आरोप है कि मोहम्मद बबन को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया था। इसके अलावा ग्राम पंचायत कंसुआ में उन्हें फर्जी मजदूर बनाकर सरकारी राशि निकासी का भी मामला सामने आया है। आवेदन में यह भी कहा गया है कि पंचायती राज व्यवस्था की अनदेखी करते हुए अधिकांश योजनाओं का कार्य प्रमुख के अपने गांव में कराया गया, जो अनुचित है। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि पंचायत समिति की नियमित बैठकें नहीं बुलाई जातीं और किसी भी सदस्य द्वारा सवाल उठाने पर उन्हें धमकाया जाता है, जिससे भय का माहौल बना हुआ है। इधर, प्रखंड विकास पदाधिकारी आकांक्षा सिंह ने बताया कि अविश्वास प्रस्ताव का आवेदन प्राप्त हो गया है। प्रमुख की अनुपस्थिति में उन्हें आवेदन की प्रति भेजी जाएगी। इसके बाद नियमानुसार बैठक की तिथि निर्धारित कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इस मामले को लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और आने वाले दिनों में इस पर सबकी नजर बनी रहेगी।
Jehanabad News: No-confidence motion against chief, allegations of irregularities in development schemes
Author: Barun Kumar
I am Journalist covering News around Jehanabad and Bihar











